गुरुग्राम। द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय में 75वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय आरोहण महोत्सव का रंगारंग समापन हुआ। कार्यक्रम में गायक, कमेंटेटर और मोटिवेशनल स्पीकर पद्मजीत सहरावत ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
उन्होंने कहा कि ऐसे मंच युवा प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण जरिया होते हैं, जहां से अनेक बड़े कलाकारों ने शुरुआत की है। महोत्सव के दौरान संगीत, नृत्य, नाटक और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। कॉलेज प्राचार्या डॉ. पुष्पा अंतिल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सभी अतिथियों का स्वागत किया। 75वें स्थापना वर्ष पर कॉलेज की ओर से 75 बड़े कार्यक्रमों के आयोजन का लक्ष्य रखा गया था, जिसे सफलतापूर्वक पूरा किया गया। उन्होंने कॉलेज के सफाई सैनिकों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की और सभी स्टाफ सदस्यों के सहयोग को कार्यक्रम की सफलता का आधार बताया। कार्यक्रम में अंतर्राष्ट्रीय हास्य कलाकार सुंदर कटारिया ने अपनी प्रस्तुति से छात्रों को खूब मनोरंजित किया। मंच संचालन डॉ. प्रियंका धवन और अन्नू चौहान ने किया, जबकि अनुशासन व्यवस्था पद्मश्री डॉ. सुनील डबास की टीम ने संभाली। इस अवसर पर पूर्व प्राचार्य डॉ. वीरेंद्र अंतिल, समाजसेवी जगदीश ग्रोवर, स्टारेक्स विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति अशोक दिवाकर और अन्य अतिथि मौजूद रहे। संवाद