-शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में साफ-सफाई व ड्रॉप आउट रोकने पर गहन मंथन
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। उपायुक्त अखिल पिलानी ने सोमवार को कैंप कार्यालय में शिक्षा विभाग के कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक के दौरान उपायुक्त ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्कूलों में फेस अटेंडेंस प्रणाली को अनिवार्य रूप से लागू किया जाए तथा कोई भी अध्यापक या स्टाफ सदस्य बिना फेस अटेंडेंस के उपस्थित न माना जाए।
उन्होंने कहा कि स्कूलों में ढांचागत विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके तहत स्कूल परिसर की साफ-सफाई, शौचालयों की उपयोगिता एवं उनके नियमित रखरखाव को सुनिश्चित किया जाए। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि स्कूलों में बच्चों का ड्रॉप आउट किसी भी स्थिति में न होने दिया जाए। इसके लिए जागरूकता अभियान चलाकर बच्चों एवं अभिभावकों को शिक्षा के प्रति प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्कूलों में ऐसी गतिविधियां आयोजित की जाएं, जिनसे बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव हो सके। उन्होंने कहा कि शनिवार का दिन बच्चों के लिए ज्वायफुल डे के रूप में मनाया जाए।
इसमें विद्यार्थियों को विभिन्न रचनात्मक, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों में शामिल किया जाए। साथ ही स्कूलों में लड़कियों की शिक्षा पर विशेष फोकस करने के निर्देश भी दिए। उपायुक्त ने कहा कि यदि शिक्षा विभाग को किसी प्रकार की समस्या आती है तो उसे जिला प्रशासन के संज्ञान में अवश्य लाया जाए, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके। उन्होंने स्कूलों में साइंस लैब के बेहतर उपयोग तथा खेल गतिविधियों को निरंतर आयोजित करने पर भी जोर दिया।इस अवसर पर एसीयूटी अमितेज, जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा, जिला एफएलएन कोऑर्डिनेटर डॉ. कुसुम मलिक, एमडीए के परियोजना अधिकारी शमीम अहमद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।