पुलिस को दी तहरीर में युवती ने बताया कि वह पांच महीने से ग्रेटर नोएडा में अपनी बड़ी बहन के साथ रहता है, उसके पास कोई मोबाइल नहीं है। वह अपनी बहन के फोन में इंस्टाग्राम आईडी का प्रयोग करती है, जिस पर उसकी 8 दिन पूर्व दोस्ती डासना निवासी युवक रिहान से हुई। उनकी आपस में काफी बातें होने लगीं। इसी दौरान युवक ने युवती को 7 अक्तूबर दोपहर में क्रेजी कैफे स्थित आईएमएस कॉलेज के पास बुलाया।
वहां कैफे में लगभग 15 मिनट बैठकर बातें हुईं तथा वहीं कैफे के अन्दर एक कमरा था, जिसमें जाकर युवक ने युवती को आवाज देकर बुलाया। युवती उसकी आवाज सुनकर कमरे में अंदर गई तो युवक ने कमरे का अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। आरोप है कि युवक रिहान ने जबरदस्ती उसके साथ गलत काम किया तथा वीडियो बनाया और फोटो भी लिए। युवती खूब चीखी और चिल्लाई लेकिन उसकी मदद के लिए कोई नहीं आया।
युवती ने डासना निवासी युवक रिहान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। सहायक पुलिस आयुक्त वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक रिहान के खिलाफ बीएनएस 64(1) धारा में एफआईआर दर्ज कर ली गई है, जांच पड़ताल करके वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।