संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। शिकारपुर देहात के माजरा अंबेडकर नगर में मां और दो बेटियों की हत्या करने वाला आरोपी सईद 15 दिन बाद भी फरार है। पुलिस की टीमें उसकी गिरफ्तारी में फेल साबित हो रही हैं। यदि, उसकी जल्द गिरफ्तारी नहीं होती है तो उस पर जल्द ही इनाम की घोषणा भी की जा सकती है।
गौरतलब है कि गत तीन मार्च की रात शिकारपुर देहात के माजरा अंबेडकर नगर में सईद पुत्र अब्दुल हफीज ने घर में सो रही अपनी पत्नी शकीला, दो पुत्री रजिया व शबाना की हथौड़े से सिर में वार कर हत्या कर दी थी। जबकि, तीसरी बेटी सुल्ताना को सिर में गम्भीर चोट पहुंचाई थी। जिसे हायर मेडिकल सेंटर मेरठ रेफर कर दिया गया था। बताया गया कि सुल्ताना की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार चल रहा है। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया था। एसएसपी ने उसकी तलाश में सात टीमों का गठन कर लगाया था। लेकिन, उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी। पुलिस का हर पैंतरा फेल साबित हुआ है। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर उसके ऊपर इनाम की घोषणा की जा सकती है। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी सईद की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं। परिजनों, रिश्तेदारों के द्वारा बताए गए पते के आधार पर दबिश दी जा रही है। शीघ्र ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जल्द गिरफ्तारी न होने पर उसके ऊपर इनाम की संस्तुति भी की जाएगी।