नेशनल हाईवे-9 पर कार सवार युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। खड़ी कार में टक्कर लगने पर चार-पांच युवकों ने अन्य कार सवार युवक को सरेराह बेरहमी से पीटा। पिटाई से युवक बेहोश हो गया तो उसे हाईवे पर घसीटा गया। पीड़ित की कार में तोड़फोड़ भी की गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जबकि आरोपी कार लेकर भाग निकले। पीड़ित ने कविनगर थाने में दी तहरीर में कार सवारों पर सोने की चेन व 22 हजार रुपये लूटने का भी आरोप लगाया है। पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल घटना के वीडियो की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
मूल रूप से हापुड़ जिले के गांव हिरनपुरा निवासी पंकज कुमार एक रियल एस्टेट कंपनी में कार्यरत हैं। पीड़ित के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10 बजे वह अपनी आई-20 कार से लालकुआं से वेव सिटी की ओर जा रहे थे। पवन हुंडई शोरूम के पास हाईवे पर एक ब्रेजा कार खड़ी थी। उससे उनकी टक्कर हो गई।
आरोप है कि ब्रेजा कार में सवार चार-पांच युवक नीचे उतरे और उन्हें कार से खींचकर पीटने लगे। आरोपियों ने कार की मरम्मत के नाम पर एक लाख रुपये की मांग की। विरोध करने पर लात-घूंसों और थप्पड़ों से पीटा।
इससे पंकज बेहोश हो गए। सामने आए वीडियो में आरोपी उन्हें कॉलर पकड़कर हाईवे पर घसीटते भी नजर आ रहे हैं। हालांकि, अमर उजाला इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता। पंकज का यह भी आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनके गले से सोने की चेन और जेब में रखे रुपये लूट लिए। शनिवार को उन्होंने पुलिस से इसकी शिकायत की।
मदद के बजाय वीडियो बनाते रहे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाईवे पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। आरोपी सरेराह पकंज को पीटते रहे। वह लगातार बख्शने की गुहार लगाते रहे, लेकिन आरोपी नहीं पसीजे। कई लोग मौके पर रुके, लेकिन मदद करने के बजाय वीडियो बनाने लगे। किसी ने भी पीड़ित को बचाने का प्रयास नहीं किया। दिनभर घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होता रहा।
20 मिनट तक लगा रहा जाम
मारपीट के दौरान आरोपियों ने न अपनी कार किनारे की, न ही पीड़ित की। इससे करीब 20 मिनट तक हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही। गश्त कर रही पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी कार लेकर भाग निकले।
वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।-सूर्यबली मौर्य, एसीपी कविनगर