हापुड़। लंबित मांगों का समाधान न होने से नाराज आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। इसके बाद विकास भवन में धरना दिया।
सुरेश देवी, कमलेश सिंह, बिमला, निशा, रामेश्वरी ने बताया कि वह बाल विकास विभाग की आधारशिला के रूप में कार्य कर रही हैं। इसके अंतर्गत पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा, टीकाकरण, मातृ-शिशु देखभाल सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की अनेकों योजनाओं का सफल क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसके बाद भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को न तो पूर्णकालिक सरकारी कर्मचारी का दर्जा प्राप्त है और न ही उन्हें वैधानिक सामाजिक सुरक्षा एवं सम्मानजनक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने मांग की है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पूर्णकालिक सरकारी कर्मचारी का दर्जा प्रदान करते हुए वेतनमान, भविष्य निधि, पेंशन, ग्रेच्युटी, महंगाई भत्ता एवं सवेतन मेडिकल अवकाश सहित समस्त वैधानिक लाभ दिए जाए। उत्तर प्रदेश में भी सेवानिवृत्ति की आयु 65 वर्ष की जाए। साथ ही कोरोना काल से अब तक सेवानिवृत्त समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पेंशन एवं ग्रेच्युटी का लाभ दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अन्यथा, अप्रैल 2026 से पोषण ट्रैकर एवं समस्त आनलाइन कार्य पूर्णतः बंद किए जाएंगे।