फरीदाबाद। ग्रीनफील्ड कॉलोनी स्थित एक घर से पानी की मोटर चोरी करने के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अनुप और नीरज निवासी संगम विहार, दिल्ली के रूप में हुई है। दोनों को 18 जून को सूरजकुंड क्षेत्र से पकड़ा गया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी लंबे समय से बेरोजगार थे और पैसों की तंगी का सामना कर रहे थे। आर्थिक तंगी के चलते ही उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो अनुप ने 400 रुपये प्रतिदिन के किराए पर लिया था। इसी ऑटो से दोनों आरोपी ग्रीनफील्ड कॉलोनी पहुंचे और घर से पानी की मोटर चोरी कर ले गए। शिकायतकर्ता मुकेश कामत ने नौ जून को पुलिस को सूचना दी थी, जिसके आधार पर थाना सूरजकुंड में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों से चोरी की गई मोटर और वारदात में इस्तेमाल ऑटो बरामद कर लिया है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई के तहत जेल भेज दिया गया है। संवाद