संवाद न्यूज एजेंसी नूंह। हरियाणा सरकार के खान एवं भूविज्ञान निदेशालय ने प्रदेश में रेत खनन के लिए ई-नीलामी प्रक्रिया की घोषणा कर दी है। यह ई-नीलामी फरीदाबाद और पलवल जिलों में लघु खनिज “रेत” के उत्खनन हेतु आयोजित की जाएगी। प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी, जिससे पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित की जा सके। अधिसूचना के अनुसार ई-नीलामी प्रक्रिया 1 जनवरी 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक बोलीदाता 22 जनवरी 2026 तक यूजर आईडी पंजीकरण, दस्तावेज अपलोड, ईएमडी और ई-सर्विस शुल्क जमा कर सकते हैं। मुख्य बोली 28 जनवरी 2026 को सुबह 10 बजे से शुरू होगी।
ई-नीलामी में कुल पांच खनन इकाइयों को शामिल किया गया है, जिनका कुल आरक्षित मूल्य 104.82 करोड़ रुपये तय किया गया है। खनन अनुबंध की अवधि 8 से 10 वर्ष रहेगी, जो पर्यावरणीय स्वीकृति और सीटीओ मिलने की तिथि से प्रभावी होगी।