बसना थाना क्षेत्र के भंवरपुर चौकी अंतर्गत ग्राम भंवरचुआ में शराब मांगने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की हत्या और एक युवक के घायल होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मृतक का दूर का रिश्तेदार बताया जा रहा है।
महासमुंद एएसपी प्रतिभा पांडेय ने बताया कि नन्दलाल यादव अपने पिता महेशराम यादव के साथ भट्ठे में काम करने के बाद मोटरसाइकिल से गांव लौट रहे थे। रास्ते में वे गंगाधर यादव के घर के पास रुके। महेशराम ने गंगाधर से शराब मांगी, लेकिन गंगाधर ने शराब न होने की बात कही। इस पर महेशराम गाली-गलौच करने लगा और घर से बाहर निकलकर गंगाधर की पत्नी के सामने भी अभद्र भाषा का उपयोग किया। इससे क्रोधित होकर गंगाधर ने महेशराम के सिर पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही मर गया।
नन्दलाल ने जब गंगाधर को पकड़ने की कोशिश की, तो उसे भी सिर पर डंडे से चोट मारी गई, जिससे वह घायल हो गया। नन्दलाल की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी गंगाधर यादव के खिलाफ बी.एन.एस. की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। भंवरपुर चौकी, थाना बसना में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।