दूल्हे पक्ष के परिजनों और रिश्तेदारों ने दुल्हन के माता-पिता, भाई और मामा से तत्काल 20 लाख रुपये देने को कहा। रकम नहीं देने पर नवविवाहिता को दिल्ली नहीं ले जाने की बात कही गई।दुल्हन पक्ष ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई तो आरोप है कि दूल्हे पक्ष ने शादी तोड़ने की धमकी दी। इतना ही नहीं, बरातियों को भोजन करने से भी रोक दिया गया। शादी के प्रतिभोज के लिए तैयार भोजन भी बर्बाद हो गया।
शनिवार को महिला हेल्पलाइन में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। इस मामले में दूसरे पक्ष से बात की गई तो उनके रिश्तेदारों ने बताया कि नशे में कुछ गलतफहमी हुई। वधू पक्ष की ओर से कई मांगें रखी गईं थीं उनमें से कुछ पूरी की गईं और कुछ पर एकराय नहीं बन पाई। वह चाहतें हैं कि दुल्हन की विदाई हो और वह अपने घर आए। एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि पहले शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी और दोनों पक्षों के बयान लिए जाएंगे। उसके बाद सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।