वहीं फूलों की घाटी के निरीक्षण को गई नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क की टीम ट्रैक पर भारी बर्फ जमी होने के कारण द्वारीपुल से आगे नहीं बढ़ पाई। टीम वहीं से वापस लौट गई है।
शीतकाल में पार्क प्रशासन की टीम घाटी की नियमित रैकी के लिए जाती है। इस वर्ष भारी बर्फबारी के कारण फूलों की घाटी चारों ओर से बर्फ से ढकी हुई है। फूलों की घाटी के लिए घांघरिया से होकर जाते हैं। घांघरिया में ही इन दिनों लगभग पांच फीट बर्फ जमी हुई है।
मौसम केंद्र ने आज कुछ क्षेत्रों में गरज और चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। 2500 मीटर व उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिरने का भी अनुमान है। राजधानी दून में गरज और चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। साथ ही कुछ क्षेत्रों में ओले भी गिर सकते हैं।
मंगलवार को दोपहर बाद बदरीनाथ धाम के साथ ही हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, रुद्रनाथ, लाल माटी, मंडल घाटी, नीती और माणा घाटियों में बर्फबारी हुई। जिससे निचले क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है। गोपेश्वर, जोशीमठ, पोखरी, घाट, गैरसैंण, देवाल, थराली क्षेत्रों में बर्फीली हवाएं चलने से लोग अपने घरों में दुबके हुए हैं। श्रीनगर में भी मौसम खराब हो गया। यहां घने बादल छा गए और जोरदार गर्जना के साथ बिजली चमकने लगी।
केदारनाथ समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई बर्फबारी
दोपहर बाद केदारनाथ, मद्महेश्वर व तुंगनाथ समेत अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। जबकि निचले इलाकों में बादलों की तेज गर्जना के साथ बारिश की बौछारें गिरी हैं, जिससे मौसम ठंडा हो गया है। मंगलवार को सुबह से जिला मुख्यालय से लेकर केदारनाथ तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहा।
इस दौरान सूरज और बादलों की धूप-छांव का खेल चलता रहा। लेकिन दोपहर ढाई बजे से आसमान में घने बादल छाने लगे और कुछ ही देर में केदारनाथ समेत अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होनी लगी, जो देर शाम तक हुई। धाम में पहले से लगभग दस फीट बर्फ मौजूद है। इधर, रुद्रप्रयाग में शाम को बारिश की तेज बौछारें गिरी। देर शाम तक आसमान में घने काले बादलों छाए रहे।
कुमाऊं में मंगलवार को भी कई इलाकों बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। ओलों से गेहूं की फसल, फल और सब्जियों को भारी नुकसान हुआ है। पिथौरागढ़ जिले के पांखू क्षेत्र में बारिश के साथ ओले गिरे। ओलों की मार से फसलों और फलों को नुकसान पहुंचा है। मुनस्यारी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों और धारचूला की व्यास, दारमा और चौदांस घाटियों में हिमपात हुआ। पिथौरागढ़-टनकपुर बारहमासी सड़क पर इग्यारदेवी के पास दरकी पहाड़ी से मलबा हटाने का काम जारी है। इस स्थान पर मलबे को पूरी तरह साफ करने में लंबा समय लग सकता है।
सोमवार की देर शाम दूनागिरि, दुधोली, टोढरा, नायर, कुकुछीना आदि क्षेत्रों में भारी ओलावृष्टि हुई। इससे काश्तकारों की धनिया, लहसुन, मटर आदि साग सब्जी को नुकसान हुआ। आड़ू, प्लम, खुबानी आदि फलों में आ रहे फूल गिर गए। गेहूं की फसल को भी नुकसान हुआ है।
बागेश्वर समेत जिले के तमाम इलाकों में भी मंगलवार को बारिश हुई। धरमघर से लगे बास्ती, द्वारी, चुचेर, सिमगड़ी, महरूड़ी, सनगाड़, मझेड़ा समेत तमाम इलाकों में ओले गिरे। ओलावृष्टि से सब्जी, फल, फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचा है। कपकोट, शामा, बदियाकोट सहित अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बारिश हुई।
नैनीताल में मंगलवार को सुबह से लेकर शाम तक मौसम के मिजाज बिगड़े रहे। पूरे दिन रूक रूक कर बारिश होती रही। मौसम खराब होने के कारण नौकायन भी कम हुआ। नैनीताल के पिटरिया क्षेत्र में बिजली गिरने से पहाड़ी पर स्थित एक बोल्डर में दरारें पड़ गईं। इससे पहाड़ी की तलहटी में बसे लोगों को डर है कि यह कभी भी गिर सकता है।