प्रदेश कांग्रेस राजनीति मामले कमेटी की बैठक में आगामी चुनाव के लिए कार्ययोजना बनाई गई। पार्टी ने तय किया कि जनहित के मुद्दों व भाजपा सरकार की गलत नीतियों को लेकर पार्टी जनता के बीच जाकर प्रचार तेज करेगी।
लोकभवन कूच के बाद देर शाम कांग्रेस भवन में प्रदेश प्रभारी ने राजनीति मामले कमेटी की बैठक में पार्टी नेताओं के साथ आगामी चुनाव रणनीति पर चर्चा की। बैठक में पार्टी के शीर्ष नेता राहुल गांधी व राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के गढ़वाल व कुमाऊं और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हरिद्वार जिले में रैली कराने पर विमर्श किया गया।
इसके अलावा दो दिसंबर को हरिद्वार में प्रदेश, जिला व महानगर कमेटी के पदाधिकारियों के सम्मेलन की तैयारियों पर चर्चा की गई। प्रदेश प्रभारी ने कहा, आगामी चुनाव के लिए जनहित के मुद्दों और भाजपा सरकार की नाकामियों को लेकर बूथ स्तर पर कांग्रेस जनता के बीच जाएगी।
UK Top News: चुनाव से पहले भाजपा का रिपोर्ट कार्ड, कांग्रेस का लोकभवन कूच, अंकिता हत्याकांड में नया मोड़
बैठक में सह-प्रभारी मनोज यादव, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, सीडब्ल्यूसी सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, दिल्ली प्रभारी काजी निजामुद्दीन, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी मौजूद रहे।