जीवन में सफल होने के लिए समस्याओं पर नहीं, बल्कि उनके समाधान पर ध्यान देना जरूरी है। इसके अलावा छात्रों को एआई और साइबर सुरक्षा जैसे क्षेत्रों से उन्हें जोड़ना होगा। यह बातें बुधवार को उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक प्रो. आनंद सिंह उनियाल ने डीएवी कॉलेज में आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन अवसर पर कहीं।
उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल समस्या देखने की आदत नहीं, बल्कि समाधान खोजने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। आज के समय में शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि रोजगारपरक कौशल और व्यावहारिक ज्ञान हासिल करना भी है। प्रो. उनियाल ने नई शिक्षा नीति के तहत कौशल विकास और उद्यमशीलता को बढ़ावा देने के प्रयासों का उल्लेख किया। कर्नल प्रत्यूत थपलियाल ने छात्रों को सेना में कॅरिअर बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सैन्य सेवा जीवन में अनुशासन, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. कौशल कुमार, प्रो. मीता शुक्ला, प्रो. एसपी जोशी आदि मौजूद रहे।