-19 अप्रैल को ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ से रवाना होगी बाबा केदार की पंचमुखी डोली
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा, केदारनाथ व बदरीनाथ धाम के कपाट खोलने व व्यवस्था की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। दोनों धामों में मंदिर समिति का अग्रिम दल तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है।
बीकेटीसी अध्यक्ष ने कहा, 19 अप्रैल को बाबा केदार की पंचमुखी डोली ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ से केदारनाथ धाम के लिए रवाना होगी। विभिन्न पड़ावों पर विश्राम के बाद 21 अप्रैल शाम को डोली धाम पहुंचेगी। इस बार भी कपाट खुलने पर बाबा केदार के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। अभी तक 18 लाख श्रद्धालु यात्रा के लिए पंजीकरण कर चुके हैं, जिसमें 6.15 लाख केदारनाथ व 5.30 लाख बदरीनाथ धाम की यात्रा के लिए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशानिर्देश में बीकेटीसी के स्तर पर यात्रा तैयारियां गतिमान है। इस वर्ष केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल व बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को दर्शन के लिए खोले जाएंगे। बाबा केदार की पंचमुखी डोली यात्रा का पहला पड़ाव 19 अप्रैल को फाटा रहेगा। 20 अप्रैल को डोली गौरीकुंड पहुंचेगी। बीकेटीसी अध्यक्ष ने कहा इस बार केदारनाथ व बदरीनाथ मंदिर परिसर के 70 मीटर दायरे में रील बनाने पर प्रतिबंध रहेगा। मंदिर समिति की प्राथमिकता है कि धामों में आने वाले श्रद्धालुओं को सरल व सुगम दर्शन हों।