एबीवीपी महानगर ने सोमवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया। दून मेडिकल कॉलेज के सभागार में आयोजित समारोह में बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं को नवाजा गया।कार्यक्रम का शुभारंभ उच्च शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत, संगठन के क्षेत्रीय संगठन मंत्री विपिन गुप्ता, उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डाॅ. गीता खन्ना ने किया। मंत्री ने कहा कि छात्र राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। एबीवीपी केवल छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम हैं।संगठन के क्षेत्रीय संगठन मंत्री विपिन गुप्ता ने कहा कि प्रतिभा का सम्मान युवाओं को नई ऊर्जा और आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। आयोग की अध्यक्ष डाॅ. गीता खन्ना ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करते हैं। समारोह में संगठन के प्रदेश मंत्री यशवंत पंवार, महानगर उपाध्यक्ष डाॅ. अरुण रतूड़ी, महानगर मंत्री आयुषी पैन्यूली आदि मौजूद रहे।