स्यूरी गांव के जंगलों में लगी आग, एक तरफ वन विभाग तो दूसरी ओर ग्रामीण भी जुटे आग बुझाने
टिहरी जनपद की पोखाल रेंज अंतर्गत स्यूरी गांव के आसपास के जंगलों में बुधवार अचानक आग लग गई। दोपहर में तेज हवाओं को कारण आग तेजी से फैलने लगी तो गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्राम प्रधान जमुना राणा ग्रामीण महिलाओं के साथ खुद जंगलों में उतर गईं और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए।
प्रधान जमुना राणा ने बताया कि सुबह से ही गांव के आसपास के जंगल धधक रहे हैं। ग्रामीण महिलाओं ने हिम्मत दिखाते हुए आग पर काबू पाने के लिए मोर्चा संभाला और काफी हद तक आग बुझाने में सफलता भी मिली है। हालांकि जंगल के कई हिस्सों में अब भी आग सुलग रही है, जिसे बुझाने के प्रयास लगातार जारी हैं।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का कार्यक्रम बदला, अब संतों और शिक्षाविदों से भी करेंगे संवाद
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति जंगलों में आग न लगाए। वनाग्नि से हजारों बेजुबान वन्यजीवों की जान चली जाती है और धुएं के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार लग रही आग से क्षेत्र में गर्मी भी बढ़ गई है और पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंच रहा है।
वहीं पोखाल रेंज के वन क्षेत्राधिकारी हर्षराम उनियाल ने बताया कि ढुंगमंदार क्षेत्र के स्यूरी गांव के आसपास सुबह से आग लगी हुई है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटी है और ग्रामीण भी विभाग का सहयोग कर रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।