युवक अपने पांच अन्य दोस्तों के साथ गंगाजल लेने के लिए देवप्रयाग पहुंचा था। टोड़ेश्वर घाट पर जल भरते समय अचानक संतुलन बिगड़ने से युवक गंगा की मुख्य धारा में समा गया और देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गया।
बहा बाजार देवप्रयाग थाना क्षेत्र के अंतर्गत टोडेश्वर घाट पर जल भरने उतरा हरियाणा का एक कांवड़ यात्री गंगा के तेज बहाव में बह गया। सूचना पर स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर नदी के तटवर्ती इलाकों में तलाशी और बचाव अभियान शुरू कर दिया है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, हरियाणा के मीठापुर, फरीदाबाद का रहने वाला युवक अपने पांच अन्य दोस्तों के साथ गंगाजल लेने के लिए देवप्रयाग पहुंचा था। टोडेश्वर घाट पर जल भरते समय अचानक संतुलन बिगड़ने से युवक गंगा की मुख्य धारा में समा गया। साथी के बहने से उसके दोस्तों में हड़कंप मच गया। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
सहायक उपनिरीक्षक रविंद्र भंडारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों को तत्काल सक्रिय कर दिया गया है। बहने वाले युवक की पहचान आर्यन मिश्रा (24), पुत्र सतेंद्र मिश्रा, निवासी फरीदाबाद, हरियाणा के रूप में हुई है।
एएसआई ने बताया कि फिलहाल पुलिस एसडीआरएफ और जल पुलिस की मदद से नदी के निचले इलाकों और तटीय क्षेत्रों में गहन खोजबीन अभियान चला रही है। प्रशासन ने एक बार फिर श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी सूरत में सुरक्षा मानकों की अनदेखी न करें और केवल चिह्नित व सुरक्षित घाटों पर ही स्नान या जल भरने का कार्य करें।