एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के निर्देश पर दून पुलिस ने मंगलवार को आदतन अपराधी संदीप उर्फ संजू के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने उसे छह माह के लिए जिला बदर कर दिया है। कोतवाली डालनवाला पुलिस ने आरोपी को ढोल-नगाड़े बजाकर और लाउडस्पीकर से मुनादी करते हुए देहरादून जनपद की सीमा से बाहर सहारनपुर बॉर्डर तक छोड़ा।
पुलिस के अनुसार, डालनवाला निवासी संदीप उर्फ संजू के खिलाफ चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। आरोपी की लगातार आपराधिक गतिविधियों और क्षेत्र में भय का माहौल बनने के कारण पुलिस ने उसके खिलाफ गुंडा अधिनियम के तहत रिपोर्ट तैयार कर जिला मजिस्ट्रेट को भेजी थी। रिपोर्ट का संज्ञान लेते हुए जिला मजिस्ट्रेट देहरादून ने आरोपी को छह माह के लिए जिला बदर करने के आदेश जारी किए।
आदेश के अनुपालन में मंगलवार को पुलिस ने सार्वजनिक रूप से कार्रवाई करते हुए आरोपी को जनपद सीमा से बाहर किया। इस दौरान आम लोगों को भी आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी दी गई। डालनवाला थाना प्रभारी संतोष सिंह कुंवर ने बताया कि आरोपी को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि जिला बदर की अवधि के दौरान वह देहरादून की सीमा में पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।