दो पहिया वाहनों में दूसरे गुट के युवकों ने भी इनका पीछा किया। सेंट ज्यूड्स चौक के पास खुद को घिरता देख गुरमीत ने सीधी गोली चला दी। गोली साहिल के बाएं कंधे में लगी और वह वहीं गिर गया। गोली चलने से सेंट ज्यूड्स चौक के पास भी अफरा-तफरी मच गई। साहिल को उसके दोस्त तुरंत इंदिरेश अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उसे गंभीर हालत में भर्ती किया गया।
सीओ अंकित कंडारी ने बताया कि घटना में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार का नंबर एचआर51 एजेड0890 है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के युवक पहले एक-दूसरे के मित्र रहे हैं। पिछले कुछ समय से गुरमीत का आदित्य, सुजल और अंशुल के साथ विवाद चल रहा था। इसी रंजिश को फायरिंग की घटना से जोड़कर देखा जा रहा है। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।
पुलिस आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। साथ ही फायरिंग में इस्तेमाल हथियार के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। कंडारी ने बताया कि तहरीर और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शहर में नाकेबंदी, एक आरोपी गिरफ्तार
फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने शहरभर में नाकेबंदी कर दी। सघन जांच अभियान शुरू कर दिया। इस दौरान नयागांव से एक आरोपी को घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, फायरिंग की घटना पुरानी रंजिश और कॉलेज में हुए विवाद के चलते अंजाम दी गई। पुलिस मामले में शामिल मुख्य आरोपी गुरमीत समेत अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि 20 अगस्त को कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि पटेलनगर में स्विफ्ट कार सवार युवकों ने फायरिंग की है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। घायल साहिल के साथी अंशुल ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया गया कि उसका, आदित्य और सुजल का गुरमीत नाम के युवक से विवाद चल रहा था। आरोप है कि गुरमीत अपने साथियों अमन, रोहित और एक अन्य युवक के साथ वहां पहुंचा और फायरिंग की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पटेलनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। घटना के बाद जिले के सभी थानों और सीमावर्ती चेकपोस्टों को संदिग्ध स्विफ्ट कार की तलाश के लिए अलर्ट किया गया।
सघन चेकिंग के दौरान पुलिस ने नया गांव बैरियर के पास घटना में शामिल रोहित निवासी दलेड़ी, थाना बड़गांव, सहारनपुर को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार संख्या बरामद हुई। रोहित सुभारती कॉलेज में होटल मैनेजमेंट का छात्र है।