चमोली जिले के पीपलकोटी में हुए टनल हादसे का जायजा लेने जा रहे गढ़वाल (पौड़ी) सांसद अनिल बलूनी की इनोवा कार पर तोताघाटी के समीप अचानक पहाड़ी से एक भारी-भरकम बोल्डर आ गिरा। इस दुर्घटना में सांसद अनिल बलूनी समेत वाहन में सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
मिली जानकारी के अनुसार, सांसद अनिल बलूनी पीपलकोटी टनल हादसे के प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करने और पीड़ितों का हाल जानने के लिए जा रहे थे। जैसे ही उनका वाहन ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित तोताघाटी के पास पहुंचा, अचानक पहाड़ी से मलबा और एक बड़ा बोल्डर उनकी इनोवा गाड़ी पर आ गिरा। बोल्डर गिरने से वाहन क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन गाड़ी में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे।
ये भी पढ़ें...चमोली टनल हादसा: दो दिन से गिर रहा था मलबा, परियोजना प्रबंधन ने किया अनदेखा, दहला देने वाला था मंजर, तस्वीरें
श्रीनगर भाजपा मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ईश्वर की कृपा से सांसद और उनका अमला पूरी तरह सुरक्षित है। घटना के तुरंत बाद वाहन की आवश्यक मरम्मत कराई गई। वाहन की स्थिति सामान्य होने के बाद वे श्रीनगर से होते हुए पीपलकोटी टनल दुर्घटनाग्रस्त क्षेत्र के लिए आगे रवाना हो गए।