- मुख्यमंत्री ने 142 चयनित असिस्टेंट प्रोफेसर को वितरित किए नियुक्ति पत्र
- आयुष्मान योजना में 17 लाख मरीजों को 3300 करोड़ का कैशलेस इलाज
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, राज्य सरकार प्रत्येक जिले में एक मेडिकल कॉलेज स्थापित करेगी। मेडिकल कॉलेज खुलने से दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को जिला स्तर पर ही आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
मंगलवार को सीएम आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड के माध्यम से चयनित 142 असिस्टेंट प्रोफेसरों को मुख्यमंत्री धामी ने नियुक्ति पत्र वितरित किए। जिन्हें प्रदेश के अलग-अलग राजकीय मेडिकल कॉलेजों में तैनाती दी गई। मुख्यमंत्री ने असिस्टेंट प्रोफेसरों से आग्रह किया कि मेडिकल छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व प्रशिक्षण करें। साथ ही उनके भीतर संवेदनशीलता, सहानुभूति और सेवा की भावना भी विकसित करें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण पर निरंतर कार्य कर रही है। आयुष्मान योजना के तहत अब तक करीब 61 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए गए। प्रदेश में 17 लाख से अधिक मरीजों का 3300 करोड़ का कैशलेस उपचार किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा, प्रदेश में हेली एंबुलेंस आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों के लिए जीवन रक्षक साबित हो रही है। राज्य में मरीजों को पैथोलॉजिकल जांचों की भी निशुल्क सुविधा प्रदान की जा रही है। टेलीमेडिसिन सेवाओं के माध्यम से दूरदराज के गांवों में विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा परामर्श सुविधा भी प्रदान किया जा रहा है। चिकित्सा शिक्षा विभाग में 356 असिस्टेंट प्रोफेसरों की नियुक्ति प्रक्रिया जारी है। 1248 नर्सिंग अधिकारियों और 170 टेक्नीशियनों को भी नियुक्तियां प्रदान की गई। 600 नर्सिंग अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया चल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पहले भर्तियों में भारी पक्षपात, धांधली और भ्रष्टाचार होता था। प्रदेश सरकार ने देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया। आज सभी चयन प्रक्रिया मेरिट के आधार पर की जा रही हैं, जिससे योग्य उम्मीदवारों को उनके कौशल और परिश्रम का पूरा लाभ मिल रहा है। अब तक प्रदेश के लगभग 27 हजार युवा सरकारी नौकरी पाने में सफल हुए हैं। विभागों में खाली पदों को आयोग के माध्यम से भरा जाएगा। कार्यक्रम में विधायक सविता कपूर, विधायक खजान दास, सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार, निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. अजय आर्य मौजूद रहे।
........
अगले सत्र से शुरू होंगे रुद्रपुर व पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा, प्रदेश में संचालित राजकीय मेडिकल कॉलेज में 62 प्रतिशत स्थायी फैकल्टी हैं। पिथौरागढ़ व रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का काम 70 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। अगले सत्र से दोनों मेडिकल कॉलेज शुरू किया जाएगा। राज्य के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 625 बच्चे एमबीबीएस और 256 बच्चे पीजी कर रहे हैं। राज्य में करीब 100 कॉलेज हैं, जिसमें से 14 हजार बच्चे हर साल नर्सिंग की पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा हाल ही में नियुक्त हुए 3000 नर्सिंग स्टाफ में 100 प्रतिशत लोग उत्तराखंड राज्य के हैं। राज्य में 32 लाख लोगों की निशुल्क जांच, 350 लोगों को एयर एंबुलेंस से उच्च संस्थानों में रेफर किया गया।