मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) टेस्ट क्रिकेट में भी फ्री-हिट का नियम लागू करने पर विचार कर सकता है। एमसीसी के क्रिकेट प्रमुख फ्रेजर स्टीवर्ट ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस विषय पर चर्चा हुई है, लेकिन फिलहाल क्रिकेट के सभी फॉर्मेट में इसे लागू करने का कोई फैसला नहीं लिया गया है। अभी फ्री-हिट का नियम केवल सीमित ओवरों के क्रिकेट में लागू है।
टेस्ट में फ्री-हिट लागू करने पर एमसीसी की चर्चा
शारजाह में इंटरनेशनल लीग टी20 (आईएलटी20) के दौरान मीडिया से बातचीत में स्टीवर्ट ने कहा कि एमसीसी ने टेस्ट क्रिकेट में फ्री-हिट लागू करने की संभावना पर विचार किया है। हालांकि, अभी यह क्रिकेट के सभी फॉर्मेट के नियमों का हिस्सा नहीं है। स्टीवर्ट ने कहा, ‘फिलहाल क्रिकेट के नियमों में फ्री-हिट शामिल नहीं है। यह एक ऐसी चीज है जिस पर हम विचार करेंगे। अभी यह केवल खेल संबंधी नियमों के रूप में मौजूद है। हमने इस पर चर्चा की है, लेकिन अभी हमने इसे क्रिकेट के सभी फॉर्मेट में लागू नहीं किया है। हालांकि, क्या पता, शायद आगे चलकर हम वहां तक पहुंच जाएं।’ फ्री-हिट का नियम फिलहाल सीमित ओवरों के क्रिकेट में लागू है। इसके तहत गेंदबाज के नो-बॉल फेंकने पर बल्लेबाज को अगली गेंद पर कुछ खास तरीकों को छोड़कर आउट नहीं किया जा सकता। टेस्ट क्रिकेट में अभी इस तरह का कोई प्रावधान नहीं है।
कैच के बाद नए बल्लेबाज को ही खेलनी होती है अगली गेंद
स्टीवर्ट ने क्रिकेट के एक अन्य नियम में हुए बदलाव के पीछे की वजह भी बताई। इस नियम के अनुसार, अगर कोई बल्लेबाज कैच आउट होता है, तो अगली गेंद खेलने के लिए नए बल्लेबाज को ही आना होता है। ऐसा तब भी होगा, जब कैच पूरा होने से पहले दोनों बल्लेबाज आपस में अपनी जगह बदल चुके हों। इससे पहले बल्लेबाजों के एक-दूसरे को पार कर लेने पर नया बल्लेबाज स्ट्राइक पर नहीं आता था। स्टीवर्ट ने बताया कि वह लंबे समय से इस बदलाव को लागू करने के पक्ष में थे।
'द हंड्रेड' के पहले सीजन में लागू हुआ था बदलाव
स्टीवर्ट के मुताबिक, इस नियम को लागू करने की चर्चा तब आगे बढ़ी, जब 'द हंड्रेड' टूर्नामेंट के आयोजकों ने इसके पहले सीजन से पहले एमसीसी से संपर्क किया था। आयोजक टूर्नामेंट को कुछ अलग बनाने के लिए खेल के नियमों में नए बदलाव करना चाहते थे। स्टीवर्ट ने कहा, ‘यह एक ऐसा बदलाव था जिसे लेकर मैं बहुत उत्सुक था। मैं इसे एक नियम के रूप में लागू करने की कोशिश कर रहा था, क्योंकि पहले ऐसा नहीं होता था कि कैच पकड़े जाने के दौरान बल्लेबाजों के क्रॉस करने पर भी नया बल्लेबाज ही अगली गेंद खेले।’
उन्होंने बताया कि 2020 के आसपास 'द हंड्रेड' के पहले सीजन की तैयारी के दौरान आयोजकों ने एमसीसी से इस विषय पर चर्चा की थी। स्टीवर्ट ने कहा, ‘हमने उनके साथ इस नियम पर चर्चा की और उनके एक साथी की भी इस पर ऐसी ही राय थी। इसलिए, हमने इसे 'द हंड्रेड' के पहले साल में खेल की एक शर्त के तौर पर लागू किया।’