आईपीएल 2008 के चर्चित 'थप्पड़कांड' विवाद ने एक बार फिर सुर्खियां बटोर ली हैं। पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज श्रीसंत ने हरभजन सिंह को बॉक्सिंग रिंग में मुकाबले की खुली चुनौती दी है। श्रीसंत का आरोप है कि हरभजन ने हाल ही में एक विज्ञापन में पुराने विवाद का मजाक उड़ाकर उससे कमाई की। इसी बात से नाराज होकर उन्होंने कहा कि अगर हरभजन में हिम्मत है तो विज्ञापनों के बजाय रिंग में आकर मुकाबला करें।
भारतीय क्रिकेट के सबसे चर्चित विवादों में शामिल आईपीएल 2008 का 'स्लैपगेट' मामला एक बार फिर चर्चा में है। भारत के पूर्व तेज गेंदबाज श्रीसंत ने पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह को खुली चुनौती देते हुए कहा है कि अगर उनमें हिम्मत है तो बॉक्सिंग रिंग में आकर आमने-सामने मुकाबला करें।
विज्ञापन
यह विवाद 2008 में तब शुरू हुआ था, जब मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के मैच के बाद हरभजन ने मैदान पर श्रीसंत को थप्पड़ मार दिया था। इस घटना ने पूरे क्रिकेट जगत को हिला दिया था और आईपीएल इतिहास के सबसे विवादित पलों में शामिल हो गई थी।
विज्ञापन से फिर भड़का विवाद
बीते कुछ वर्षों में दोनों खिलाड़ियों के रिश्ते सामान्य होते दिखाई दिए थे। दोनों कई सार्वजनिक कार्यक्रमों और विज्ञापनों में साथ नजर आए। हरभजन ने कई बार सार्वजनिक रूप से इस घटना पर खेद भी जताया था। हालांकि हाल ही में एक विज्ञापन ने पुराने जख्म फिर हरे कर दिए। श्रीसंत का आरोप है कि हरभजन ने उस विवाद का मजाक उड़ाकर आर्थिक फायदा उठाया। इसी वजह से उन्होंने हरभजन से दूरी बना ली और उन्हें ब्लॉक भी कर दिया।
इंटरव्यू में दी खुली चुनौती
एक मीडिया चैनल को दिए इंटरव्यू के दौरान श्रीसंत को हरभजन के साथ बॉक्सिंग ग्लव्स पहने उनकी पुरानी तस्वीर दिखाई गई। इसके बाद उन्होंने बिना झिझक हरभजन को चुनौती दे डाली। श्रीसंत ने कहा, 'क्या आपके पास हिम्मत है? क्या आप मेरे साथ रिंग में उतर सकते हैं? क्या आप साइन करके आ सकते हैं? मैं खुली चुनौती दे रहा हूं। यही ग्लव्स पहनकर आइए और मुकाबला कीजिए।' उन्होंने यह भी बताया कि वह इस समय बेयर नकल फाइट लीग से जुड़े हुए हैं और कॉम्बैट स्पोर्ट्स की दुनिया में सक्रिय हैं।
'आप कमाते हैं, मुझे भी कमाने दीजिए'
श्रीसंत यहीं नहीं रुके। उन्होंने हरभजन को फिर ललकारते हुए कहा कि अगर उन्हें थप्पड़कांड को लेकर इतनी ही समस्या है तो विज्ञापनों के जरिए नहीं, बल्कि असली मुकाबले में इसका फैसला होना चाहिए। उन्होंने कहा, 'मैं आपको चुनौती देता हूं भज्जी। अगर आपको उस थप्पड़ वाली घटना से इतनी परेशानी है और आप उससे कमाई कर रहे हैं, तो मुझे भी कमाने दीजिए। विज्ञापन करने के बजाय रिंग में आइए। मैं दिल से बुला रहा हूं। अगर हमारे पास स्वाभिमान है तो असली मुकाबला होना चाहिए।'
क्या जवाब देंगे हरभजन?
फिलहाल हरभजन सिंह की ओर से इस चुनौती पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि क्रिकेट प्रशंसकों के बीच यह बयान तेजी से वायरल हो रहा है। 18 साल पहले मैदान पर शुरू हुआ विवाद अब सोशल मीडिया के जरिए फिर सुर्खियों में है। अब देखने वाली बात होगी कि क्या हरभजन इस खुली चुनौती का जवाब देते हैं या फिर यह विवाद केवल बयानबाजी तक ही सीमित रहता है। फिलहाल इतना तय है कि 'स्लैपगेट' की कहानी अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है।