फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

VIDEO: शिवम दुबे से तारीफ सुनकर अर्जुन तेंदुलकर क्यों हो गए भावुक? चोटिल नन्हे फैन को तोहफा देकर यूं जीता दिल

Tue, 09 Jun 2026 12:11 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

सार

मुंबई टी20 लीग में आर्क्स अंधेरी की ओर से खेलते हुए अर्जुन तेंदुलकर ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया। उन्होंने पहले गेंदबाजी में 3 विकेट लिए और फिर नाबाद 66 रन बनाकर टीम को नौ विकेट से जीत दिलाई। मैच के बाद ड्रेसिंग रूम में कप्तान शिवम दुबे ने उनकी तारीफ की, जिसे सुनकर अर्जुन के चेहरे के भाव सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गए। इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
Register For Event
विज्ञापन
दुबे और अर्जुन - फोटो : Twitter
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए केवल एक मैच खेलने वाले अर्जुन तेंदुलकर ने मुंबई टी20 लीग में दमदार प्रदर्शन किया। सोमवार को आर्क्स अंधेरी और बांद्रा ब्लास्टर्स के बीच खेले गए मुकाबले में अर्जुन ने गेंद और बल्ले दोनों से अहम योगदान दिया। पहले गेंदबाजी करते हुए अर्जुन ने तीन ओवर में एक मेडन सहित 11 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। उनकी शानदार गेंदबाजी की मदद से बांद्रा ब्लास्टर्स की टीम 20 ओवर में 144/9 का स्कोर ही बना सकी।
विज्ञापन

कप्तान शिवम दुबे की तारीफ पर वायरल हुआ रिएक्शन
मैच के बाद आर्क्स अंधेरी के ड्रेसिंग रूम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। वीडियो में कप्तान शिवम दुबे टीम के खिलाड़ियों की एक-एक कर सराहना करते नजर आते हैं। दुबे ने सबसे पहले अर्जुन तेंदुलकर का नाम लेते हुए उनके प्रदर्शन की प्रशंसा की। अर्जुन का नाम सुनते ही उनके चेहरे पर भावनात्मक प्रतिक्रिया दिखाई दी। उनके हाव-भाव देखकर प्रशंसकों को लगा कि यह तारीफ उनके लिए काफी मायने रखती थी।
 

दुबे ने इन खिलाड़ियों की भी की सराहना
ड्रेसिंग रूम में शिवम दुबे ने अन्य खिलाड़ियों की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, 'हमारी टीम में एक नहीं बल्कि दो बैकबोन हैं। वे अजय मिश्रा और मुशीर खान हैं।' इसके बाद उन्होंने कहा, 'दिव्यांश ने शानदार शुरुआत दी और मुशीर ने विशेष पारी खेली।'
 
विज्ञापन

नन्हे फैन से इस तरह मिले अर्जुन तेंदुलकर
मैदान पर अर्जुन तेंदुलकर ने अपने प्रदर्शन से सभी का दिल जीता, लेकिन मैच के बाद उनके एक खास कदम ने फैंस को और भी प्रभावित किया। अर्जुन के बल्ले से निकला एक छक्का स्टैंड में बैठे एक युवा प्रशंसक को जा लगा था। मुकाबले के बाद उन्होंने उस बच्चे से मुलाकात की, उसे अपने हस्ताक्षर वाली गेंद भेंट की और क्रिकेट किट प्रायोजित करने की पेशकश भी की। हालांकि, बच्चे ने विनम्रता से यह कहते हुए प्रस्ताव ठुकरा दिया,  'मेरे लिए यह साइन की हुई गेंद ही काफी है।' अर्जुन की इस संवेदनशीलता और खेल भावना ने साबित कर दिया कि उनकी पहचान सिर्फ एक क्रिकेटर के रूप में नहीं, बल्कि एक शानदार इंसान के रूप में भी बन रही है।
 

116 रन की अटूट साझेदारी से दिलाई जीत
145 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आर्क्स अंधेरी को दिव्यांश सक्सेना (26) के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद अर्जुन तेंदुलकर और मुशीर खान ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए नाबाद 116 रन की साझेदारी की। अर्जुन ने 34 गेंदों में नाबाद 66 रन बनाए, जबकि मुशीर खान ने 38 गेंदों में नाबाद 54 रन की पारी खेली। इन दोनों की आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत आर्क्स अंधेरी ने 37 गेंद शेष रहते हुए नौ विकेट से शानदार जीत दर्ज कर ली। अर्जुन तेंदुलकर के लिए यह मुकाबला यादगार रहा। उन्होंने पहले गेंद से असर छोड़ा और फिर बल्ले से टीम को जीत दिलाई। मैच के बाद कप्तान शिवम दुबे की सराहना और उस पर अर्जुन की प्रतिक्रिया अब सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें