गुजरात टाइटंस को आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 99 रन से करारी हार झेलनी पड़ी। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 199/5 का बड़ा स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में गुजरात की पूरी टीम सिर्फ 100 रन पर ढेर हो गई। यह हार गुजरात के आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी हार भी बन गई।
गिल ने गेंदबाजों को ठहराया जिम्मेदार
मैच के बाद कप्तान शुभमन गिल ने हार के लिए खास तौर पर गेंदबाजों को जिम्मेदार ठहराया, खासकर मिडिल ओवर्स में खराब प्रदर्शन को लेकर। उन्होंने कहा, 'ईमानदारी से कहूं तो हमने मिडिल ओवर्स में बहुत ज्यादा रन दे दिए। उस विकेट पर 160-170 का स्कोर पर्याप्त होता, लेकिन हम उसे रोक नहीं पाए। इस मैच से हमें काफी सीख मिली है।'
पिच का हाल और रणनीति में कमी
गिल ने माना कि पिच थोड़ी धीमी थी, लेकिन टीम इसका फायदा नहीं उठा सकी। उन्होंने कहा, 'पिच थोड़ी स्लो थी, लेकिन हम सही एरिया में गेंदबाजी नहीं कर पाए। कुछ गेंदें रुककर आ रही थीं, कुछ तेज थीं और कुछ नीचे रह रही थीं। हमें मिडिल ओवर्स में सही लेंथ पर ज्यादा लगातार गेंदबाजी करनी चाहिए थी, जो हम नहीं कर पाए।'
रबाडा की अच्छी शुरुआत बेकार
कगिसो रबाडा ने पावरप्ले में तीन विकेट लेकर गुजरात को शानदार शुरुआत दिलाई थी, लेकिन इसके बाद गेंदबाज दबाव बनाए रखने में नाकाम रहे। इसका फायदा उठाते हुए तिलक वर्मा ने शानदार शतक जड़ दिया।
तिलक का तूफान और गुजरात का पतन
तिलक वर्मा ने 45 गेंदों में नाबाद 101 रन बनाकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। जवाब में गुजरात की शुरुआत बेहद खराब रही। साई सुदर्शन पहली ही गेंद पर आउट हो गए और टीम छह ओवर में 45/3 पर संघर्ष करती दिखी। इसके बाद पूरी पारी बिखर गई। मुंबई के गेंदबाजों में अश्विनी कुमार (4/24), मिचेल सैंटनर (2/16) और एएम गजनफर (2/17) ने शानदार प्रदर्शन किया।
'छोटी सी चूक, वापसी करेंगे'
गिल ने इस हार को एक झटका बताते हुए आगे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा, 'यह एक छोटी सी चूक है। अब हमें बाहर जाकर मैच खेलने हैं और उम्मीद है कि हम फिर से जीत की राह पर लौटेंगे।' इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस छह मैचों में चार अंक लेकर सातवें स्थान पर पहुंच गई है। वहीं गुजरात टाइटंस छग अंकों के साथ छठे स्थान पर है, लेकिन उनका नेट रन रेट -0.821 हो गया है।