फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आईपीएल 2027: जहीर के सीएसके के कोच बनते ही क्यों चर्चा में आया धोनी का 'सचिन' वाला बयान, 2012 में क्या कहा था?

Tue, 22 Sep 2026 08:14 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई

सार

चेन्नई सुपर किंग्स ने पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान को अपना नया मुख्य कोच नियुक्त किया है। जहीर ने स्टीफन फ्लेमिंग की जगह ली है, जो 18 सत्र तक टीम के कोच रहे। रिपोर्ट के मुताबिक, सीएसके प्रबंधन इस बार भारतीय कोच चाहता था और एमएस धोनी की पसंद ने भी जहीर के चयन में भूमिका निभाई।
Register For Event
विज्ञापन
जहीर और धोनी - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पांच बार की आईपीएल चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स ने जहीर खान को नया मुख्य कोच नियुक्त किया है और इसके साथ ही एमएस धोनी का करीब 14 साल पुराना बयान फिर चर्चा में आ गया है। 2012 में भारतीय टीम के कप्तान रहते हुए धोनी ने श्रीलंका के खिलाफ टी20 विश्व कप मुकाबले से पहले जहीर का बचाव करते हुए उन्हें 'भारतीय गेंदबाजी आक्रमण का सचिन तेंदुलकर' बताया था। अब दोनों आईपीएल 2027 में सीएसके के साथ नजर आ सकते हैं। हालांकि, धोनी के बतौर खिलाड़ी भविष्य को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
विज्ञापन
Trending Videos

फ्लेमिंग की जगह अब जहीर कोच
जहीर ने स्टीफन फ्लेमिंग की जगह ली है, जो 18 सत्र तक सीएसके के साथ रहे और टीम को आईपीएल की सबसे सफल फ्रेंचाइजी में शामिल करने में अहम भूमिका निभाई। सीएसके ने सोमवार को सोशल मीडिया पर जहीर को मुख्य कोच बनाए जाने की घोषणा की। फ्रेंचाइजी की ओर से जारी बयान में जहीर ने कहा, 'आईपीएल के इतिहास की सबसे सफल टीमों में से एक का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात है।' उन्होंने कहा, 'एक क्रिकेटर के तौर पर मैंने मैदान पर सीएसके का सामना किया है और इन मुकाबलों का खूब आनंद लिया है। चेपॉक में सुपरफैंस द्वारा बनाया गया माहौल इसे और खास बनाता है। इतनी समृद्ध विरासत वाली फ्रेंचाइजी के साथ जुड़ने का मुझे बेसब्री से इंतजार है।'

धोनी ने 2012 में क्या कहा था?
2012 में जब धोनी भारतीय टीम के कप्तान थे, तब उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ टी20 विश्व कप मुकाबले से पहले जहीर का बचाव किया था। अपने करियर के अंतिम दौर में पहुंच रहे जहीर का समर्थन करते हुए धोनी ने उन्हें 'भारतीय गेंदबाजी आक्रमण का सचिन तेंदुलकर' बताया था। धोनी ने उस समय कहा था, 'जब कोई गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहा होता है, तो उसके खिलाफ बोलना आसान होता है। मेरे लिए जहीर भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के सचिन तेंदुलकर हैं। वह कई वर्षों से गेंदबाजी इकाई के नेता रहे हैं।' कप्तान के तौर पर धोनी के इस बयान से जहीर के प्रति उनका भरोसा साफ झलकता था। 

धोनी की पसंद बताई जा रही है वजह
जानकारी के मुताबिक, सीएसके के क्रिकेट प्रबंधन से जुड़े सूत्रों का कहना है कि एमएस धोनी टीम में ऐसे व्यक्ति को चाहते थे, जिसके साथ वह पहले से परिचित हों। सीएसके की क्रिकेट प्रबंधन समिति में धोनी, कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और टीम की मालिक रूपा गुरुनाथ शामिल हैं। न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रबंधन इस बार भारतीय कोच चाहता था। सोशल मीडिया पर कुछ अन्य नामों की चर्चा के बावजूद पूर्व इंग्लैंड कप्तान इयोन मॉर्गन के इस पद पर आने की संभावना नहीं थी। हेमंग बदानी का नाम भी चर्चा में था। हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स के साथ उनके दो साल के कार्यकाल के प्रदर्शन को उनके खिलाफ माना गया।

2011 विश्व कप में सबसे ज्यादा विकेट
जहीर भारत के लिए 92 टेस्ट, 200 वनडे और 17 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। एमएस धोनी की कप्तानी के दौर में वह भारतीय टीम के प्रमुख गेंदबाजों में शामिल रहे। 2011 विश्व कप में भारत की ऐतिहासिक खिताबी जीत के दौरान जहीर 21 विकेट के साथ टीम के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। आईपीएल में जहीर ने मुंबई इंडियंस, दिल्ली डेयरडेविल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु समेत टीमों के लिए 100 मैच खेले। संन्यास के बाद उन्होंने कोचिंग और मेंटर की भूमिकाएं संभालीं।

लखनऊ और मुंबई के साथ भी काम किया
जहीर 2024 आईपीएल सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटर रहे थे। इससे पहले वह मुंबई इंडियंस में क्रिकेट संचालन निदेशक और बाद में ग्लोबल हेड ऑफ क्रिकेट डेवलपमेंट की भूमिका में भी काम कर चुके हैं। सीएसके की मालिक रूपा गुरुनाथ ने कहा, 'जहीर का शानदार खेल करियर और युवा प्रतिभाओं को निखारने की उनकी क्षमता उन्हें हमारे सेटअप के लिए महत्वपूर्ण बनाती है। हमें विश्वास है कि उनका मार्गदर्शन इस फ्रेंचाइजी की मजबूत नींव को और मजबूत करने में मदद करेगा।'

सीएसके के एमडी काशी विश्वनाथन ने कहा, 'जहीर विश्वस्तरीय गेंदबाज हैं और वर्षों से कई युवा क्रिकेटरों, खासकर तेज गेंदबाजों के मेंटर रहे हैं। खिलाड़ी के रूप में वह 2000 के दशक में भारत की सफलता के प्रमुख कारणों में से एक थे। वह क्रिकेट की बेहतरीन समझ रखने वालों में से हैं और हम अपने परिवार में उनका स्वागत करने के लिए उत्साहित हैं।'
विज्ञापन

18 साल बाद फ्लेमिंग की विदाई
स्टीफन फ्लेमिंग ने इस साल जुलाई में सीएसके से अलग होने की घोषणा की थी। न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान अब इंग्लैंड की टेस्ट टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उनके जाने के बाद सीएसके ने जहीर को टीम की कमान सौंपी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें