भारत और आयरलैंड के बीच दो टी20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला शुक्रवार को खेला जाना है। 15 साल के वैभव सूर्यवंशी इस मैच से अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की शुरुआत कर सकते हैं। डेब्यू करते ही वैभव सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़कर भारतीय पुरुष टीम के लिए खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन जाएंगे। वैभव सूर्यवंशी को भारतीय सीनियर टीम के लिए डेब्यू करते हुए देखने का उत्साह सिर्फ भारतीय क्रिकेट फैंस में ही नहीं है, बल्कि आयरलैंड क्रिकेट टीम और वहां के फैंस भी इस बल्लेबाज का करिश्मा देखने का इंतजार कर रहे हैं।
लोर्कन टकर ने क्या कहा?
आयरलैंड के कप्तान लोर्कन टकर ने मैच से पहले हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में वैभव सूर्यवंशी को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर की। उन्होंने कहा, 'भारतीय टीम में एक 15 साल का खिलाड़ी होना उनके लिए बहुत अविश्वसनीय है। वैभव सूर्यवंशी को लेकर बहुत हाइप है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि खेल के इस पेशेवर दौर में ऐसा मुमकिन होगा, खासकर पेशेवर क्रिकेट में जितनी मेहनत लगती है और खिलाड़ियों का स्तर काफी ऊंचा है। ऐसे में उसे श्रेय जाता है - वह एक बहुत खास खिलाड़ी है। यह उसके लिए एक बड़ा पल होगा। मैंने पहले कहा था कि हमारे लिए उस पार्टी को बिगाड़ना और उस गेम में असर डालना बहुत अच्छा होगा।'
लोर्कन टकर
- फोटो : Cricket Ireland
आयरिश फैंस भी कर रहे वैभव का इंतजार?
उन्होंने कहा, 'आयरलैंड में भारतीय समुदाय बहुत बड़ा है। मुझे पता सभी इस मैच को देखने के लिए तैयार होंगे, वे वैभव को देखेंगे। यहां ज्यादातर हाइप इसी बारे में है, कि वह इस सीरीज में अपना डेब्यू कर रहा है। वह एक जबरदस्त टैलेंट है। हमने उस पर जितनी हो सके उतनी रिसर्च करने की कोशिश की है। मुझे लगता है कि उसने आईपीएल में धमाल मचा दिया, 75 छक्के मारने का मतलब उसकी स्किल का स्तर जबरदस्त है। यह सच में रोमांचक है। सीरीज में आने वाली ऐसी एनर्जी न सिर्फ हमारे लिए, बल्कि देखने आने वाले लोगों के लिए, घर पर देखने वाले लोगों के लिए, और आस-पास खेल रहे बच्चों के लिए भी शानदार है।'
'बच्चों के रोल मॉडल हैं वैभव सूर्यवंशी'
टकर ने कहा, 'हम आयरिश खिलाड़ियों के लिए रोल मॉडल बनने की कोशिश करते हैं, मुझे लगता है कि उतनी ही जिम्मेदारी दुनिया भर के सभी खिलाड़ियों की है कि वे रोल मॉडल बनें। मुझे पता है कि वैभव अभी छोटा लड़का है, लेकिन वह अभी भी एक जबरदस्त खिलाड़ी है, और वह अब दुनिया भर के क्रिकेटरों और आने वाले बच्चों के लिए एक बहुत खास रोल मॉडल है।' वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अपनी बल्लेबाजी से दुनियाभर के क्रिकेट फैंस को रोमांचित किया था। 776 रन बनाकर वैभव ने ऑरेंज कैप जीता है। फैंस चाहते हैं कि वैभव अंतरराष्ट्रीय डेब्यू पर भी धमाकेदार प्रदर्शन करें।