फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'प्रतिभा के बावजूद कई खिलाड़ी गायब हुए': वैभव को कपिल देव की चेतावनी, विनोद कांबली का उदाहरण देकर किया आगाह

Thu, 08 Oct 2026 04:55 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव ने 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को लेकर जल्दबाजी में बड़े दावे करने से बचने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि वैभव में प्रतिभा है, लेकिन क्रिकेट में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी समय के साथ गुम हो गए। कपिल ने इसके लिए विनोद कांबली का उदाहरण दिया।

Register For Event
विज्ञापन
कपिल देव-वैभव सूर्यवंशी - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय क्रिकेट के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने बेहद कम उम्र में अपने प्रदर्शन से क्रिकेट जगत में खास पहचान बना ली है। 15 साल की उम्र में वह आयु वर्ग क्रिकेट, इंडिया-ए और आईपीएल में अपनी छाप छोड़ने के बाद अब भारतीय टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम का हिस्सा हैं। हालांकि, पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव का मानना है कि वैभव के भविष्य को लेकर अभी से बड़े दावे करना जल्दबाजी होगी। वैभव फिलहाल भारतीय टी20 टीम में नियमित सलामी जोड़ीदार अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन के पीछे अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। कपिल देव ने कहा कि वैभव में प्रतिभा जरूर है, लेकिन क्रिकेट में केवल प्रतिभा के दम पर लंबे समय तक सफलता की गारंटी नहीं होती।
विज्ञापन
Trending Videos

कपिल देव - फोटो : ANI
'अभी बहुत जल्दी है'
कपिल देव ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में कहा, 'अभी बहुत जल्दी है। क्या उसमें क्षमता है? हां। लेकिन क्रिकेट में ऐसे बहुत से खिलाड़ी रहे हैं, जो बहुत प्रतिभा के साथ आए और फिर धीरे-धीरे गायब हो गए।' उन्होंने अपनी बात समझाने के लिए पूर्व भारतीय बल्लेबाज विनोद कांबली का उदाहरण दिया। कपिल ने कहा, 'विनोद कांबली को देखिए। हम उनके बारे में क्या कहेंगे?' कांबली को अपने शुरुआती दौर में भारतीय क्रिकेट का बेहद प्रतिभाशाली बल्लेबाज माना जाता था। हालांकि, उनका अंतरराष्ट्रीय करियर उम्मीदों के मुताबिक लंबा और सफल नहीं रहा। कपिल देव इसी उदाहरण के जरिए वैभव को लेकर जल्दबाजी में भविष्यवाणी करने से बचने की सलाह दे रहे हैं।

वैभव सूर्यवंशी - फोटो : IANS
'तीन साल बाद बात करेंगे'
कपिल ने कहा कि वैभव अभी सिर्फ 15 साल के हैं और उनके सामने काफी लंबा समय है। उन्होंने कहा कि आने वाले कुछ वर्षों में यह ज्यादा स्पष्ट होगा कि युवा बल्लेबाज अपने करियर को किस दिशा में ले जाता है। उन्होंने कहा, 'वैभव 15 साल का है। उसे तीन साल और दीजिए, फिर हम बात करेंगे।' कपिल ने वैभव के खेल के साथ-साथ उनके जीवन और सोच में आने वाले बदलाव को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे खिलाड़ी की जीवनशैली और सोच बदलती है, उसी से पता चलता है कि वह आने वाले वर्षों में कैसा प्रदर्शन करेगा।

वैभव सूर्यवंशी - फोटो : ANI
लिस्ट-ए क्रिकेट में रचा इतिहास
वैभव ने हाल के महीनों में कई शानदार पारियां खेलकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। जून में इंडिया-ए की ओर से श्रीलंका-ए के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में उन्होंने महज 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया था। यह लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक था। उन्होंने इस मुकाबले में 29 गेंदों पर 94 रन की तूफानी पारी खेली। इससे पहले अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में भी वैभव ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा था। हरारे में खेले गए फाइनल में उन्होंने 80 गेंदों पर 175 रन बनाए और भारत को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
विज्ञापन

वैभव सूर्यवंशी - फोटो : BCCI
आईपीएल में भी दिखाया दम
वैभव ने आईपीएल में भी अपने प्रदर्शन से कई रिकॉर्ड बनाए। 2026 के सत्र में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए कई रिकॉर्ड अपने नाम किए और ऑरेंज कैप भी हासिल की। इसके बाद उन्हें भारतीय टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया। हालांकि, कपिल देव का मानना है कि वैभव की असली परीक्षा अभी आगे है। उनके मुताबिक, मौजूदा प्रदर्शन से ज्यादा महत्वपूर्ण यह देखना होगा कि युवा बल्लेबाज आने वाले वर्षों में दबाव, बदलती परिस्थितियों और बढ़ती उम्मीदों के बीच खुद को किस तरह संभालता है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें