फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

GT vs RCB: भारतीय टीम में जगह बनाना है पाटीदार का लक्ष्य, फाइनल से पहले क्या बोले? चयनकर्ता रह जाएंगे हैरान

Sat, 30 May 2026 08:30 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद

सार

आईपीएल 2026 फाइनल से पहले आरसीबी कप्तान रजत पाटीदार ने कहा कि उनका पूरा फोकस टीम को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाने पर है, न कि भारतीय टी20 टीम में चयन पर। पाटीदार ने मजबूत गेंदबाजी आक्रमण को खिताब जीतने की कुंजी बताते हुए भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और रसिख सलाम की अहम भूमिका की सराहना की।

Register For Event
विज्ञापन
रजत पाटीदार - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के कप्तान रजत पाटीदार ने साफ कर दिया है कि उनका पूरा ध्यान फिलहाल टीम को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाने पर है। भारतीय टी20 टीम में चयन और भविष्य में कप्तानी की संभावनाओं पर पूछे गए सवालों को उन्होंने ज्यादा महत्व नहीं दिया। बता दें कि, आरसीबी रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस के खिलाफ खिताबी मुकाबला खेलेगी। पाटीदार की कप्तानी में टीम लगातार दूसरे सीजन फाइनल में पहुंची है। पिछले साल उन्होंने आरसीबी को 18 वर्षों के इंतजार के बाद पहला आईपीएल खिताब दिलाया था।
विज्ञापन

विराट कोहली-रजत पाटीदार - फोटो : ANI
भारतीय टीम में चयन पर क्या बोले पाटीदार?
इस सीजन में शानदार बल्लेबाजी करते हुए पाटीदार ने 14 मैचों में 486 रन बनाए हैं। उनका औसत 44.18 और स्ट्राइक रेट 196.76 रहा है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ क्वालिफायर-1 में उनकी 33 गेंदों पर 93 रन की विस्फोटक पारी ने चयनकर्ताओं का भी ध्यान खींचा। हालांकि, भारतीय टी20 टीम में संभावित चयन को लेकर पूछे गए सवाल पर पाटीदार ने कहा, 'मैं भारत की टीम में चयन को लेकर नहीं सोच रहा हूं। फिलहाल मेरा ध्यान उस पर नहीं है।' इतना ही नहीं, जब उनसे भविष्य में भारतीय टी20 टीम की कप्तानी को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि वह ऐसी किसी कल्पना में नहीं हैं और वर्तमान पर ध्यान देना पसंद करते हैं।

रजत पाटीदार - फोटो : IANS
'खिताब जीतना चाहता हूं, लेकिन खुद को नहीं बदलूंगा'
पाटीदार ने कप्तानी के अपने मंत्र पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि हर कप्तान ट्रॉफी जीतना चाहता है, लेकिन वह किसी दूसरे कप्तान की नकल करने में विश्वास नहीं रखते। उन्होंने आगे कहा, 'हर कप्तान ट्रॉफी जीतना चाहता है, लेकिन मेरे लिए सबसे जरूरी खुद बने रहना है। मैंने कभी यह नहीं सोचा कि पहले किसी कप्तान ने क्या किया और मुझे उससे मुकाबला करना है।' अगर आरसीबी फाइनल जीतती है तो पाटीदार आईपीएल इतिहास में लगातार दो खिताब जीतने वाले कप्तानों की सूची में शामिल हो जाएंगे, जिसमें अब तक केवल महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा जैसे नाम शामिल हैं।

भुवनेश्वर कुमार-विराट कोहली - फोटो : ANI
कोहली और भुवनेश्वर से मिल रही सीख
आरसीबी कप्तान ने माना कि उन्हें टीम के अनुभवी खिलाड़ियों से लगातार सीखने का मौका मिल रहा है। उन्होंने आगे कहा, 'विराट कोहली, भुवनेश्वर कुमार और अन्य वरिष्ठ खिलाड़ियों से मुझे मैदान के अंदर और बाहर काफी कुछ सीखने को मिल रहा है। उनके विचारों को समझकर मैं उन्हें अपने खेल और कप्तानी में लागू करने की कोशिश करता हूं।' उन्होंने मुख्य कोच एंडी फ्लावर और टीम मैनेजमेंट की भी तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें हमेशा स्वतंत्रता और पूरा समर्थन मिला है।

आरसीबी टीम - फोटो : ANI
'टूर्नामेंट जीतना है तो मजबूत गेंदबाजी जरूरी'
फाइनल से पहले पाटीदार ने अपनी गेंदबाजी इकाई पर पूरा भरोसा जताया। उनका मानना है कि हाई-स्कोरिंग विकेटों पर सिर्फ बल्लेबाजी नहीं, बल्कि विकेट लेने वाली गेंदबाजी ही टूर्नामेंट जिताती है। उन्होंने आगे कहा, 'अगर आपको प्रतियोगिता जीतनी है तो आपके पास मजबूत गेंदबाजी आक्रमण होना चाहिए। यहां 200-220 रन बनाना आसान है, लेकिन उन्हें बचाना मुश्किल होता है। इसलिए विकेट लेने वाले गेंदबाज जरूरी हैं।' उन्होंने अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की विशेष सराहना की, जिन्होंने इस सीजन 15 मैचों में 26 विकेट लिए हैं। उन्होंने कहा, 'भुवी के पास काफी स्पष्टता है। उनकी रणनीति और योजनाएं टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो रही हैं।'

रसिख सलाम और हेजलवुड - फोटो : IANS
रसिख सलाम की भी जमकर तारीफ
पाटीदार ने कहा कि केवल भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड के भरोसे टूर्नामेंट नहीं जीता जा सकता। उन्होंने युवा तेज गेंदबाज रसिख सलाम की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, 'रसिख ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार गेंदबाजी की है। उनके शुरुआती ब्रेकथ्रू टीम के लिए बेहद अहम रहे हैं। यह सामूहिक प्रयास है और यही हमारी ताकत है।'

फिल सॉल्ट - फोटो : IPL/BCCI
फिल सॉल्ट की फिटनेस पर संशय
इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज फिल सॉल्ट की फिटनेस को लेकर भी पाटीदार ने अपडेट दिया। सॉल्ट पिछले महीने उंगली की चोट से जूझ रहे थे। पाटीदार ने कहा, 'फिल नेट्स में बल्लेबाजी और ड्रिल्स कर रहे हैं। अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। डॉक्टर और टीम मैनेजमेंट की सलाह के बाद ही निर्णय लिया जाएगा।'

रजत पाटीदार - फोटो : IPL/BCCI
ब्रेक का मिलेगा फायदा, लेकिन ज्यादा नहीं
क्वालिफायर-1 जीतने के बाद आरसीबी को फाइनल से पहले चार दिन का आराम मिला, जबकि गुजरात टाइटंस को क्वालिफायर-2 खेलकर सीधे फाइनल में पहुंचना पड़ा। इस पर पाटीदार ने कहा, 'हमें आराम और रिकवरी का पर्याप्त समय मिला है, इसलिए थोड़ा फायदा जरूर होगा। लेकिन दोनों टीमें मजबूत हैं और अच्छा क्रिकेट खेल रही हैं, इसलिए यह बहुत बड़ा अंतर नहीं होगा।'

रजत पाटीदार - फोटो : PTI
युवाओं को देते हैं आत्मविश्वास का मंत्र
पाटीदार ने बताया कि वह टीम के युवा खिलाड़ियों के साथ काफी समय बिताते हैं और उन्हें आत्मविश्वास से खेलने की सलाह देते हैं। उन्होंने कहा, 'मैं हमेशा उन्हें कहता हूं कि सामने कौन है, इस बारे में ज्यादा मत सोचो। आप यहां इसलिए हैं क्योंकि आप इसके हकदार हैं। अपनी ताकत पर भरोसा रखो और उसी पर फोकस करो।'
विज्ञापन

गुजरात बनाम आरसीबी - फोटो : IANS
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में आरसीबी को मामूली बढ़त
आईपीएल इतिहास में गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच अब तक कुल नौ मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से पांच मैच आरसीबी ने जीते हैं, जबकि चार मुकाबलों में गुजरात को सफलता मिली है। आंकड़े बताते हैं कि दोनों टीमों के बीच हमेशा कड़ी टक्कर देखने को मिली है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें