भारतीय महिला क्रिकेटर क्रांति गौड़ ने बंगलूरू में बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में भारत के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या से मुलाकात के बाद उनके साथ एक खास पल साझा किया। हार्दिस ने इस युवा क्रिकेटर को अपनी साइन की हुई जर्सी उपहार में दी और मुलाकात के दौरान उनका जन्मदिन भी मनाया। क्रांति ने पहले भी अपने करियर पर हार्दिक के प्रभाव के बारे में खुलकर बात की है और वह उन्हें अपनी सबसे बड़ी प्रेरणाओं में से एक मानती हैं।
क्रांति ने हार्दिक को कहा धन्यवाद
मुलाकात की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए क्रांति ने लिखा, 'बहुत-बहुत धन्यवाद भैया।' क्रांति ने इस साल की शुरुआत में एक वीडियो में कहा था, 'हार्दिक पांड्या मेरे आदर्श रहे हैं। मैं उनकी तरह क्रिकेटर बनना चाहती हूं।' भारत की विश्व कप जीत के बाद युवा क्रिकेटर की पांड्या के प्रति दीवानगी विशेष रूप से तब दिखाई दी जब उन्होंने मैदान पर उनके ट्रेडमार्क जीत के जश्न को फिर से दोहराया था।
हार्दिक की तरह मनाया था जीत का जश्न
भारत के आईसीसी विश्व कप की ट्रॉफी उठाने के कुछ ही पलों बाद क्रांति ने हार्दिक की तरह जीत का जश्न मनाया था जिसकी तस्वीरें काफी वायरल हुई थी। उन्होंने ट्रॉफी को जमीन पर रखने के बाद इस ऑलराउंडर के जश्न की नकल की थी जिससे भारत के खिताबी जश्न की सबसे यादगार तस्वीरों में से एक बन गई। यह पल उस प्रभाव को भी उजागर करता है जो हार्दिक का क्रांति पर रहा है, जो अपने शुरुआती दिनों से ही उनके आक्रामक और निडर क्रिकेट के अंदाज को देखती आई हैं।
हस्ताक्षर की हुई जर्सी क्रांति के लिए काफी मायने रखती है। यह मुलाकात एक युवा भारतीय क्रिकेटर के रूप में क्रांति के विकास के एक महत्वपूर्ण चरण में भी हुई। अपने गृहनगर की गलियों में क्रिकेट खेलने से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने तक उनकी यात्रा ने लगातार ध्यान आकर्षित किया है। हार्दिक पिछले कुछ समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं।