स्पिन को लेकर दोनों टीमों की मजबूत तैयारी
पाकिस्तान के पास उस्मान तारिक के अलावा मोहम्मद नवाज, अबरार अहमद और सैम अयूब जैसे स्पिन विकल्प मौजूद हैं। वहीं, भारत की ओर से वरुण चक्रवर्ती, अक्षर पटेल और कुलदीप यादव जैसी मजबूत स्पिन तिकड़ी है। ऐसे में कोलंबो की पिच पर यह मुकाबला काफी हद तक स्पिन गेंदबाजों की भूमिका पर निर्भर कर सकता है। प्रेमदासा की सतह आमतौर पर मैच के आगे बढ़ने के साथ धीमी होती जाती है, जिससे स्पिनरों को मदद मिलने की उम्मीद रहती है। ऐसे में तारिक का अनोखा एक्शन और उनकी रफ्तार में बदलाव बल्लेबाजों के लिए चुनौती बन सकता है।
ये भी पढ़ें: IND vs PAK Playing 11: तीन स्पिनरों के साथ उतरेगा भारत? अभिषेक के अस्वस्थ होने से बढ़ी टीम इंडिया की चिंता
आखिर क्या है उस्मान तारिक के एक्शन को लेकर विवाद?
उस्मान तारिक की कोहनी पूरी तरह सीधी नहीं हो पाती, जिस कारण उनके एक्शन की तुलना कभी श्रीलंका के महान स्पिनर मुथैया मुरलीधरन से भी की गई। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि असली परेशानी उनके एक्शन से ज्यादा उनकी लय और रन-अप में है। तारिक क्रीज पर पहुंचने से पहले हल्का ठहराव लेते हैं, जिससे बल्लेबाजों की टाइमिंग बिगड़ सकती है। उनकी गेंदों में कैरम बॉल और स्किड करती हुई डिलीवरी भी शामिल है, जो बल्लेबाजों को असमंजस में डाल सकती है।
ये भी पढ़ें: IND vs PAK: भारत के लिए परेशानी खड़ी कर सकते हैं पाकिस्तान के ये पांच खिलाड़ी, उस्मान तारिक से रहना होगा सतर्क
क्या भारत के लिए खतरा बन सकते हैं तारिक?
भारत ने टूर्नामेंट में अब तक जीत दर्ज की है, लेकिन स्पिन के खिलाफ उनकी बल्लेबाजी पूरी तरह निश्चिंत नजर नहीं आई। अमेरिका और नामीबिया के स्पिनरों ने भी भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया था। ऐसे में तारिक का अनोखा अंदाज भारत के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकता है। नीदरलैंड के खिलाफ पहला मैच मिस करने के बाद तारिक ने अमेरिका के खिलाफ तीन विकेट लेकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। इससे साफ है कि वह फॉर्म में हैं और बड़े मुकाबले के लिए तैयार भी। भारत-पाकिस्तान मुकाबला हमेशा दबाव और रोमांच से भरा होता है। इस बार भी नजरें इस बात पर टिकी रहेंगी कि क्या उस्मान तारिक अपने रहस्यमयी स्पिन से भारत की बल्लेबाजी को जकड़ पाएंगे या भारतीय बल्लेबाज उनका तोड़ निकाल लेंगे।
ये भी पढ़ें: IND vs PAK: टी20 विश्व कप में पाकिस्तान पर रहा है भारत का दबदबा, जानें किस तरह भारतीय टीम ने दी है पटखनी