विश्व कप से पहले चमके सूर्यकुमार
न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी सीरीज में उन्होंने दमदार वापसी के संकेत दिए हैं। पहले मैच में उन्होंने संभलकर खेलते हुए 22 गेंदों में 32 रन बनाए, जबकि दूसरे मुकाबले में आक्रामक अंदाज में 37 गेंदों पर 82 रनों की शानदार पारी खेली। बीसीसीआई द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में ईशान किशन से बातचीत के दौरान सूर्यकुमार ने कहा, 'मेरे घर पर भी एक कोच हैं, जिनसे मैं शादीशुदा हूं। मेरी पत्नी मुझे हमेशा कहती हैं कि तुम्हें क्रीज पर थोड़ा वक्त बिताना चाहिए। वह मुझे सबसे करीब से जानती हैं और मेरी सोच पढ़ लेती हैं।' उन्होंने आगे कहा कि नेट्स में मेहनत करने के बावजूद जब तक मैच में रन नहीं बनते, आत्मविश्वास नहीं आता। सूर्यकुमार ने कहा, 'मैं नेट्स में अच्छी बल्लेबाजी कर रहा था, लेकिन मैच में रन बनाना बहुत जरूरी होता है।'