तेज गेंदबाज दीपेश देवधरन की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की मदद से भारतीय अंडर-19 टीम ने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम की पहली पारी 243 रन पर ढेर कर दी। भारत और ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम के बीच पहले युवा टेस्ट मैच के शुरुआती दिन तमिलनाडु के दीपेश ने अपना जलवा बिखेरा और 45 रन देकर पांच विकेट लिए जिससे ऑस्ट्रेलिया की टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी। ऑस्ट्रेलिया की पारी समाप्त होने के साथ ही दिन के खेल की समाप्ति कर दी गई।
होगन-हॉलिक के बीच अच्छी साझेदारी
दीपेश ने जहां ऑस्ट्रेलिया को झटके देकर दबाव बनाए रखा, वहीं किशन कुमार ने उनका शानदार तरीके से साथ देते हुए 16 ओवर में 48 रन देकर तीन विकेट लिए। ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के लिए तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करने आए स्टीवन होगन ने एक छोर संभालते हुए 246 गेंदों पर धैर्यपूर्ण 92 रन बनाए। जेड हॉलिक ने 94 गेंद में 38 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 65 रन की साझेदारी की।
इससे पहले, ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन दीपेश और किशन ने शुरुआती ओवरों में एक-एक विकेट झटक कर स्कोर को दो विकेट पर 30 रन कर दिया। ऑफ-स्पिनर अनमोलजीत सिंह ने कप्तान विल मालजुक (21) का विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को पहले सत्र में ही 78 पर तीन विकेट के स्कोर के साथ मुश्किल स्थिति में डाल दिया।
इसके बाद खिलन पटेल और दीपेश ने हॉलिक और विकेटकीपर साइमन बज को पवेलियन भेज दिया जिससे ऑस्ट्रेलिया का स्कोर पांच विकेट पर 167 रन हो गया। ऑस्ट्रेलिया की टीम इसके बाद लगातार अंतराल पर विकेट गंवाते रही। युवा टेस्ट सीरीज से पहले आयुष महात्रे की अगुआई में भारतीय टीम ने युवा वनडे सीरीज में 3-0 से जीत दर्ज की थी। सीरीज का दूसरा युवा टेस्ट मैच सात से 10 अक्तूबर के बीच खेला जाएगा।