भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 विश्व कप के फाइनल मुकाबले के लिए अहमदाबाद पूरी तरह से तैयार है। इसके लिए शहर में सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद है। फाइनल के दौरान सुरक्षा के लिए 3,000 से ज्यादा पुलिसकर्मी, करीब 1,000 होमगार्ड और तीन एंटी-ड्रोन प्रणाली तैनात की जाएगी। मैच से पहले पत्रकारों से बात करते हुए अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक ने शनिवार को कहा कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
पुलिस कमिश्नर ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दी जानकारी
जीएस मलिक ने कहा, 'नरेंद्र मोदी स्टेडियम में एक ऐतिहासिक टी20 विश्व कप फाइनल होने वाला है। इसके लिए पुलिस ने सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा इंतजाम के लिए हम 3,000 से ज्यादा पुलिसकर्मी और करीब 1,000 होमगार्ड तैनात कर रहे हैं।' मलिक ने कहा कि स्टेडियम के गेट के पास भीड़ या किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए इस बार अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किए गए हैं। उन्होंने कहा, इस बार, हमने गेट एक और दो के पास मुख्य सड़क की तरफ थोड़ा सा होल्डिंग एरिया बनाया है ताकि भगदड़ की कोई भी संभावना नहीं हो। हालांकि ऐसी घटना यहां पहले कभी नहीं हुई है, लेकिन हमने इसे अतिरिक्त सावधानी के तौर पर बनाया है। हम पहली बार किसी मैच के दौरान ऐसा कर रहे हैं।
महिला दर्शकों के लिए होंगे खास इंतजाम
मलिक ने कहा कि इंतजामों की देखरेख के लिए सीनियर अधिकारी भी वेन्यू पर तैनात रहेंगे। पुलिस ने महिला दर्शकों की सुरक्षा और सुविधा पक्का करने के लिए भी खास इंतजाम किए हैं। मैच के दौरान दर्शकों को खेलने की जगह में घुसने से रोकने के लिए स्टेडियम के अंदर भी खास इंतजाम किए गए हैं। मैच टिकटों की संभावित कालाबाजारी के बारे में एक सवाल पर मलिक ने भरोसा दिलाया कि इस तरह के गैर-कानूनी काम में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।