भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की 95वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के भविष्य को लेकर अहम फैसला हुआ है। बोर्ड की सदस्य इकाइयों ने चयन समिति से जुड़े मामलों पर फैसला लेने के लिए बीसीसीआई के पदाधिकारियों को अधिकृत कर दिया है। ऐसे में अब अगरकर को पद पर बरकरार रखने या उनकी जगह नया चेयरमैन नियुक्त करने का फैसला बोर्ड के पदाधिकारी करेंगे।
अजीत अगरकर इस समय पुरुषों की सीनियर चयन समिति के अध्यक्ष हैं। उनका मौजूदा कार्यकाल अक्तूबर की शुरुआत में खत्म होने वाला है। इसी वजह से एजीएम से पहले उनके भविष्य को लेकर चर्चा तेज थी। बैठक के बाद बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पदाधिकारियों को चयन समितियों से जुड़े मामलों पर फैसला लेने के लिए अधिकृत किया गया है। हालांकि, एजीएम में अगरकर के कार्यकाल को बढ़ाने या नए चेयरमैन की नियुक्ति को लेकर तत्काल कोई अंतिम घोषणा नहीं की गई।
बीसीसीआई एजीएम 2026
- फोटो : BCCI
जूनियर चयन समिति में भी भरने हैं पांच पद
बीसीसीआई के सामने सिर्फ सीनियर चयन समिति का मुद्दा नहीं है। बोर्ड जूनियर चयन समिति के सभी पांच पदों को भी भरने की तैयारी में है। ऐसे में आने वाले समय में चयन व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले देखने को मिल सकते हैं।
अगरकर को जुलाई 2023 में पुरुष सीनियर चयन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। बीसीसीआई के आधिकारिक रिकॉर्ड के मुताबिक, उनके साथ उस समय शिव सुंदर दास, सुब्रतो बनर्जी, सलिल अंकोला और श्रीधरन शरथ चयन समिति में शामिल थे।
आईपीएल गवर्निंग काउंसिल में अरुण धूमल और खैरुल जमाल मजूमदार फिर चुने गए
आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल और खैरुल जमाल मजूमदार को आईपीएल गवर्निंग काउंसिल में एक बार फिर निर्विरोध चुना गया है। बीसीसीआई मुख्यालय में हुई एजीएम के बाद बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने बैठक को सफल बताया। उन्होंने कहा कि एजीएम में सभी फैसले आपसी सहमति से लिए गए। राजीव शुक्ला ने बताया कि अरुण धूमल और खैरुल जमाल मजूमदार को दोबारा आईपीएल गवर्निंग काउंसिल में चुना गया है।
AGM में सौरव गांगुली और वेंकटेश प्रसाद भी पहुंचे
बीसीसीआई की 95वीं एजीएम में बोर्ड से जुड़े राज्य संघों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल की ओर से और पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से मौजूद रहे।
मुंबई को बड़े मैच देने की मांग
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) ने बीसीसीआई से प्रमुख मुकाबलों की मेजबानी के लिए मुंबई पर भी विचार करने का अनुरोध किया। एमसीए के सचिव उन्मेष खानविलकर ने इसकी जानकारी दी।
वांखेड़े स्टेडियम में करीब दो साल से टेस्ट मैच नहीं हुआ है। यहां आखिरी टेस्ट मुकाबला 2024 के अंत में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया था। मुंबई में आने वाले समय में महिला क्रिकेट से जुड़े मुकाबले भी प्रस्तावित हैं, जिनमें अगले साल होने वाली महिला चैंपियंस लीग और महिला प्रीमियर लीग के कुछ मुकाबले शामिल हैं।
रांची में टेस्ट को लेकर सौरभ तिवारी ने किया साफ
वहीं, झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव और पूर्व भारतीय क्रिकेटर सौरभ तिवारी ने भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट को रांची से कहीं और स्थानांतरित किए जाने की जानकारी से इनकार किया। तिवारी ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि अगर बीसीसीआई को इस संबंध में कोई पत्र भेजना होगा तो वह उनकी ओर से ही भेजा जाएगा। उनके मुताबिक, एजीएम में इस मुद्दे पर कोई चर्चा नहीं हुई।