भारतीय पुरुष और महिला टीमों द्वारा जीती गई एशिया कप की ट्रॉफियां फिलहाल बीसीसीआई के पास नहीं हैं। अब बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा है कि दोनों ट्रॉफियां एक दिन बीसीसीआई मुख्यालय जरूर पहुंचेंगी, हालांकि उन्होंने इसकी कोई समयसीमा बताने से इनकार किया।
सैकिया ने शुक्रवार को बीसीसीआई की 95वीं एजीएम के बाद पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि एशिया कप की दोनों ट्रॉफियां एक दिन बीसीसीआई के वानखेड़े स्टेडियम स्थित कार्यालय में पहुंचेंगी।
पुरुष और महिला टीम ने ट्रॉफी लेने से किया था इनकार
भारत की पुरुष और महिला टीमों ने एशिया कप जीतने के बाद ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी उस समय ट्रॉफी देने के लिए मौजूद थे। नकवी पाकिस्तान सरकार में गृह मंत्री भी हैं। भारतीय पुरुष टीम ने पिछले साल दुबई में पाकिस्तान को फाइनल में हराकर एशिया कप टी20 टूर्नामेंट का खिताब जीता था। वहीं, भारतीय महिला टीम ने इस महीने की शुरुआत में श्रीलंका को हराकर खिताब अपने नाम किया।
सैकिया ने कहा कि एशिया कप की ट्रॉफियां एक दिन जरूर आएंगी। मैं आपको कोई समयसीमा नहीं बताऊंगा, लेकिन मैं भरोसा दिला सकता हूं कि दोनों ट्रॉफियां वानखेड़े स्टेडियम स्थित बीसीसीआई कार्यालय में पहुंचेंगी।
अजीत अगरकर के भविष्य पर क्या बोले?
चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर के भविष्य को लेकर पूछे गए सवाल पर सैकिया ने कहा कि अभी 15 दिन बाकी हैं। उन्होंने कहा कि क्रिकेट की दुनिया में 15 दिन काफी लंबा समय होता है। इस बयान से संकेत मिलता है कि अगरकर के भविष्य को लेकर फिलहाल अंतिम स्थिति स्पष्ट नहीं है। इसलिए फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि अगरकर का जाना तय है।