फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

जीवन धारा: केवल कल्पनाओं से जीवन नहीं बदलता, प्रतिभा को हकीकत में बदलना जरूरी; छिपी प्रतिभा को पहचानें

सद्गुरु Published by: प्रशांत तिवारी Updated Thu, 05 Nov 2026 06:56 AM IST

सार

मनुष्य के भीतर छिपी प्रतिभा और संभावनाएं तभी सार्थक होती हैं, जब उन्हें कर्म और निरंतर प्रयास के माध्यम से हकीकत में बदला जाए। सद्गुरु बताते हैं कि केवल सपने देखना या इच्छा करना जीवन में बदलाव के लिए पर्याप्त नहीं है। जिस तरह माचिस की तीली रगड़ने पर ही आग पैदा करती है और बीज उचित वातावरण मिलने पर वृक्ष बनता है, उसी तरह इंसान की क्षमताएं भी सही दिशा में प्रयास करने से निखरती हैं।
Register For Event
विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ग्राफिक्स - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स


क्षमता का होना व उसका उपयोग करना, दोनों अलग-अलग बातें हैं। आप कह सकते हैं कि आपके भीतर बहुत प्रतिभा है। लेकिन, जीवन आपसे यह नहीं पूछता कि आपके भीतर कितनी प्रतिभा छिपी है। जीवन में उपलब्धि इस बात से भी तय होती है कि आपने अपनी प्रतिभा का कैसा उपयोग किया। एक बीज अपने भीतर वृक्ष बनने की संभावना रखता है। पर, यदि वह कभी मिट्टी के संपर्क में न आए, तो वह वृक्ष बन ही नहीं पाएगा। उस बीज के भीतर वृक्ष बनने की जो संभावना है, वह मिट्टी, हवा, पानी व धूप के बिना हकीकत में कभी बदल ही नहीं पाएगी। हमारे भीतर बुद्धि भी ठीक इसी तरह है। यदि आप उसका उपयोग नहीं करते, तो वह आपके जीवन को बदल नहीं पाएगी। जीवन आपकी छिपी हुई क्षमताओं की सूची नहीं है, बल्कि उन क्षमताओं की अभिव्यक्ति है।


केवल इच्छा होने या करने से ही कुछ नहीं बदलता। बहुत-से लोग अपने जीवन में बदलाव चाहते हैं। कोई स्वस्थ होना चाहता है, कोई नया कौशल सीखना चाहता है, कोई रिश्तों को बेहतर बनाना चाहता है। इच्छा करने में कोई बुराई नहीं है। वास्तव में इच्छा किसी नई शुरुआत का कारण बन सकती है। लेकिन, इच्छा और उसके हासिल के बीच एक दूरी होती है। इस दूरी को केवल कल्पना से पार नहीं किया जा सकता। यदि आप एक किताब लिखना चाहते हैं, तो उसके लिए आपको पढ़ना होगा, विचार करना होगा और शब्दों को कागज पर उतारना होगा। यहां प्रश्न यह नहीं है कि आप कितना जानते हैं, बल्कि प्रश्न इस बात का है कि आप अपने ज्ञान का उपयोग किस तरह करते हैं। प्रयास का अर्थ केवल मेहनत करना नहीं है। आप जो काम कर रहे हैं, उसका आपके जीवन में क्या अर्थ है, यह जानना बहुत जरूरी है। तभी आपका प्रयास सही दिशा पा सकेगा। किसी का जीवन परिवार की अच्छी देखभाल करने में सार्थकता पाता है, किसी का ज्ञान अर्जित करने में।


जीवन का मूल्य केवल उपलब्धि के आकार से तय नहीं होता, बल्कि इस बात से भी तय होता है कि आपने अपनी क्षमताओं का उपयोग किस तरह से किया। आपके भीतर अपार संभावनाएं छिपी हो सकती हैं, पर उनका कोई मूल्य नहीं, जब तक कि आप उन्हें कर्मों से हकीकत में नहीं बदलते। माचिस की तीली में आग पैदा करने की क्षमता होती है, लेकिन वह तभी जलती है, जब उसे रगड़ा जाता है। सफलता केवल सपने देखने से नहीं मिलती, बल्कि उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास और सही दिशा की जरूरत होती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next