फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

परिसीमन: जनसंख्या बढ़े तो व्यवस्थाएं भी बढ़े, फिर जनप्रतिनिधियों की सीटें क्यों नहीं?

सार

भारत आज जिस तेजी से आगे बढ़ रहा है, उसकी लोकतांत्रिक संस्थाओं को भी समय के अनुरूप विकसित होना होगा। बढ़ती जनसंख्या के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार जितना आवश्यक है, उतना ही आवश्यक लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व की व्यवस्था को भी मजबूत बनाना है।
Register For Event
विज्ञापन
परिसीमन के बाद बढ़ने वाली सीटों के आंकड़े संभावित हैं। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत जैसे विशाल लोकतांत्रिक देश में जनसंख्या का बढ़ना केवल आंकड़ों का बढ़ना नहीं है, बल्कि उसके साथ नागरिकों की आवश्यकताओं, अपेक्षाओं और लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व की जिम्मेदारियों का भी विस्तार होता है। जब किसी देश या राज्य की जनसंख्या बढ़ती है तो उसके सामने शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, रोजगार, आवास और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने की चुनौती आती है।

विज्ञापन


इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए सरकारें नए स्कूल खोलती हैं, अस्पतालों की संख्या बढ़ाती हैं, शिक्षकों और डॉक्टरों की नियुक्तियां करती हैं, सड़कों का निर्माण करती हैं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का विस्तार करती हैं। इसका उद्देश्य यही होता है कि बढ़ती जनसंख्या को आवश्यक सुविधाएं और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

लेकिन एक प्रश्न स्वाभाविक रूप से उठता है कि जब जनसंख्या बढ़ने के साथ स्कूलों, अस्पतालों, शिक्षकों, डॉक्टरों और प्रशासनिक संसाधनों की संख्या बढ़ाना आवश्यक है, तो फिर लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व के विस्तार की आवश्यकता को लेकर इतना विरोध क्यों है? क्या लोकतंत्र में नागरिकों की संख्या बढ़ने के बावजूद उनके प्रतिनिधित्व की व्यवस्था को दशकों तक उसी स्थिति में बनाए रखना उचित है?
विज्ञापन


परिसीमन का मूल उद्देश्य भी यही है कि जनसंख्या और भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व का पुनर्निर्धारण किया जाए। यदि किसी निर्वाचन क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है और दूसरे निर्वाचन क्षेत्र की तुलना में वहां प्रतिनिधित्व का अनुपात बहुत अधिक हो गया है, तो यह लोकतांत्रिक समानता की भावना के अनुकूल नहीं कहा जा सकता। परिसीमन के माध्यम से लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं तथा प्रतिनिधित्व की व्यवस्था को नए सिरे से निर्धारित करने का प्रयास किया जाता है।

भारत में लोकसभा की निर्वाचित सीटों की संख्या 1977 के बाद से 543 बनी हुई है। संविधान के 42वें संशोधन के माध्यम से 1971 की जनगणना के आधार पर सीटों के पुनर्समायोजन पर रोक लगाई गई थी, जिसे बाद 2001 में 84वें संविधान संशोधन के माध्यम से 2026 के बाद होने वाली पहली जनगणना के प्रासंगिक आंकड़े प्रकाशित होने तक बढ़ाया गया। इसका अर्थ यह है कि देश की जनसंख्या में व्यापक परिवर्तन होने के बावजूद लोकसभा की सीटों की संख्या में उसी अनुपात में वृद्धि नहीं हुई है।

यह स्थिति अपने आप में इस बात पर गंभीर विमर्श की मांग करती है कि क्या दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में बढ़ती जनसंख्या के अनुरूप जनप्रतिनिधियों की संख्या और निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन नहीं होना चाहिए?


लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व केवल चुनाव कराने का नाम नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की आवाज को उचित स्थान देने का माध्यम भी है। एक सांसद के क्षेत्र में यदि लाखों की संख्या में मतदाता हैं, तो उसके लिए प्रत्येक गांव, कस्बे और नागरिक की समस्याओं तक पहुंचना स्वाभाविक रूप से कठिन होता है। सं

संसदीय क्षेत्र जितना बड़ा और जनसंख्या जितनी अधिक होगी, जनप्रतिनिधि पर जिम्मेदारियों का बोझ भी उतना ही अधिक होगा। ऐसे में प्रतिनिधियों की संख्या और निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्निर्धारण लोकतंत्र को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक आवश्यक कदम हो सकता है।

जब देश में नए जिले बनाए जा सकते हैं, नए थाने स्थापित किए जा सकते हैं, नए अस्पताल और विद्यालय खोले जा सकते हैं, तो फिर लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों के विस्तार पर आपत्ति का औचित्य क्या है? क्या लोकतंत्र की व्यवस्था को समय और जनसंख्या के बदलाव के अनुरूप विकसित नहीं होना चाहिए?

हालांकि परिसीमन केवल सीटें बढ़ाने का विषय नहीं है। इसमें राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का संतुलन, जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्यों के हित, संघीय ढांचे की मजबूती और निर्वाचन क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों का भी ध्यान रखना आवश्यक है। दक्षिण भारत के राज्यों सहित उन राज्यों की चिंताएं भी महत्वपूर्ण हैं जिन्होंने जनसंख्या नियंत्रण के क्षेत्र में बेहतर काम किया है। इसलिए परिसीमन की प्रक्रिया पारदर्शी, न्यायसंगत और सभी राज्यों के हितों का ध्यान रखने वाली होनी चाहिए। लेकिन इन चिंताओं का समाधान परिसीमन को रोकने में नहीं, बल्कि एक संतुलित और न्यायपूर्ण व्यवस्था तैयार करने में है।

महिला आरक्षण के विरोधाभास को भी समझना आवश्यक

देश में राजनीतिक दलों के नेता महिला सशक्तिकरण की बातें करते हैं। महिलाओं को बराबरी का अधिकार देने, उन्हें राजनीति में आगे लाने और निर्णय लेने की प्रक्रिया में उनकी भागीदारी बढ़ाने की बातें खूब बढ़चढ़कर की जाती हैं। कांग्रेस सहित कई राजनीतिक दलों ने महिलाओं के अधिकारों को लेकर बड़े-बड़े नारे दिए हैं। कांग्रेस का प्रसिद्ध नारा 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' भी इसी राजनीतिक विमर्श का हिस्सा रहा है।

लेकिन जब महिलाओं को विधायिका में 33 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था लागू करने की बात आती है, तब उसी विषय पर राजनीतिक विरोध और आपत्तियां सामने आने लगती हैं। यह विरोधाभास समझ से परे है।

नारी सशक्तिकरण का अर्थ केवल महिलाओं के सम्मान में भाषण देना या चुनाव के समय उन्हें राजनीतिक नारों का हिस्सा बनाना नहीं है। वास्तविक महिला सशक्तिकरण तब होगा जब महिलाओं को निर्णय लेने वाली संस्थाओं में पर्याप्त भागीदारी मिलेगी। संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण एक महत्वपूर्ण संवैधानिक कदम है।

नारी शक्ति वंदन अधिनियम, 2023 के माध्यम से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण का प्रावधान किया गया है। हालांकि इसका क्रियान्वयन परिसीमन और संबंधित जनगणना की संवैधानिक प्रक्रिया से जुड़ा हुआ है। इसलिए इस व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाना समय की मांग है।

यदि कोई राजनीतिक दल वास्तव में महिलाओं को राजनीतिक नेतृत्व में आगे बढ़ते देखना चाहता है, तो उसे महिला आरक्षण के क्रियान्वयन में सहयोग करना चाहिए। इसमें प्रक्रियागत और संघीय चिंताओं पर चर्चा हो सकती है, लेकिन महिला प्रतिनिधित्व के विस्तार को ही राजनीतिक विरोध का विषय बना देना उचित नहीं है।

कांग्रेस और विपक्ष की राजनीति का एक बड़ा प्रश्न यह भी है कि क्या हर सुधार का विरोध करना ही उनकी राजनीतिक रणनीति बन गई है?

लोकतंत्र में सरकार के निर्णयों की आलोचना करना विपक्ष का अधिकार ही नहीं, बल्कि उसकी जिम्मेदारी भी है। सरकार के प्रत्येक प्रस्ताव का समर्थन करना आवश्यक नहीं है। लेकिन किसी भी सुधारात्मक पहल का विरोध केवल राजनीतिक विरोध के लिए करना लोकतांत्रिक जिम्मेदारी नहीं कही जा सकती।

चाहे वह महिला आरक्षण का विषय हो, निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन का प्रश्न हो या देश की प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार की बात हो, हर विषय पर तथ्यों और तर्कों के आधार पर चर्चा होनी चाहिए। यदि किसी प्रस्ताव में कमियां हैं तो उन्हें सामने लाया जाना चाहिए और बेहतर विकल्प प्रस्तुत किए जाने चाहिए। लेकिन केवल इस आधार पर विरोध करना कि पहल सत्ता पक्ष की ओर से की गई है, नकारात्मक राजनीति का उदाहरण है।

विपक्ष को भी निभाना होगा अपना दायित्व

विपक्ष का काम केवल सरकार की कमियां गिनाना नहीं, बल्कि देश के सामने बेहतर नीतिगत विकल्प रखना भी है। यदि कोई सुधार देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत कर सकता है, महिलाओं को अधिक अधिकार और प्रतिनिधित्व दे सकता है तथा नागरिकों की आवाज को अधिक प्रभावी बना सकता है, तो उसका समर्थन करने में राजनीतिक दलों को संकोच नहीं करना चाहिए।

भारत आज जिस तेजी से आगे बढ़ रहा है, उसकी लोकतांत्रिक संस्थाओं को भी समय के अनुरूप विकसित होना होगा। बढ़ती जनसंख्या के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार जितना आवश्यक है, उतना ही आवश्यक लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व की व्यवस्था को भी मजबूत बनाना है।

अंत में बस यही कहना चाहूंगा कि सवाल सिर्फ यह नहीं है कि परिसीमन किस राजनीतिक दल के पक्ष में जाएगा या किसे इसका राजनीतिक लाभ मिलेगा बल्कि वास्तविक प्रश्न यह है कि क्या देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को बढ़ती जनसंख्या और बदलती परिस्थितियों के अनुरूप बनाया जाना चाहिए या नहीं? इसी प्रकार महिला आरक्षण का प्रश्न किसी दल की राजनीतिक जीत या हार का विषय नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी को निर्णय प्रक्रिया में उचित स्थान देने का विषय है।

देश को ऐसी राजनीति की आवश्यकता है जो सुधारों का रास्ता खोले, न कि हर सुधार के सामने राजनीतिक अवरोध खड़ा करे। जनसंख्या बढ़ेगी तो व्यवस्थाएं भी बढ़नी चाहिए, नागरिकों की संख्या बढ़ेगी तो उनका लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व भी समय के अनुरूप होना चाहिए लेकिन मुझे नहीं लगता है कि विपक्ष परिसीमन का विरोध नहीं  करेगा, हमारे देश में जैसे विपक्ष काम सरकार के हर नीति विरोध करना ही जन्मसिद्ध अधिकार हो।



--------------------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें