कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के ढिकाला जोन में बुकिंग करने के नाम पर फर्जीवाड़ा करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि परमिट में एडिटिंग कर पर्यटकों से बुकिंग के नाम पर पैसा तक ले लिए। यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस आरोपी युवक से पूछताछ कर रही है।
बीते दिन रामनगर के भाजपा नेता मदन जोशी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड किया। इसमें रामनगर निवासी एक ट्रेवल एजेंट पर उन्होंने कॉर्बेट पार्क के ढिकाला जोन में लोगों की फर्जी तरीके से बुकिंग कराने का आरोप लगाया। कहा कि ट्रेवल एजेंट परमिट में एडिटिंग के माध्यम से बुकिंग के नाम पर पर्यटकों से एडवांस पैसे मांगता है। आरोप लगाया कि इसके बाद ट्रेवल एजेंट पर्यटकों को सफारी नहीं कराता था। बताया कि पूर्व में भी ट्रेवल एजेंट कई लोगों के साथ इस तरह की धोखधड़ी कर चुका है। उन्होंने पीड़ितों से फोन पर बात कर इसकी पुष्टि की। कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि वीडियो में दिखाए साक्ष्य व पूर्व में मिली तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
ट्रेवल एजेंट को कोतवाली लाया गया है।सीटीआर निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने बताया कि मामले में पुलिस जांच कर रही है। मुकदमा दर्ज होने के बाद पार्क के नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। पर्यटक सीटीआर की ऑफिशियल वेबसाइट से ही बुकिंग करें।