फोटो 99: हाईटेंशन लाइन का विरोध जताते किसान। संवाद
बहादुरगढ़। क्षेत्र में किसानों के खेतों से होकर निकाली जा रही एचटी लाइन का गांव बालौर, नया गांव बीरबरक्तबाद और लोवा खुर्द के किसानों ने विरोध किया।
किसानों का आरोप है कि बिजली विभाग की ओर से लाइन का सही ढंग से सर्वे नहीं किया गया और न ही प्रभावित किसानों को किसी प्रकार का मुआवजा दिया गया है। इसी मांग को लेकर प्रभावित किसान बहादुरगढ़ के एसडीएम अभिनव सिवाच से मिले। किसानों ने कहा कि लूप इन-लूप आउट निर्माण के तहत हाईटेंशन लाइन खेतों से निकाली जा रही है। जिससे उनकी खेती और जमीन दोनों प्रभावित होंगी।
एसडीएम अभिनव सिवाच ने किसानों को आश्वासन देते हुए कहा कि किसान अपनी ओर से प्रतिनिधियों की नियुक्ति करें। प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पूरे मामले का समाधान कराया जाएगा। इस दौरान विनोद सरपंच लोवा खुर्द, राजेश यादव सरपंच गांव बालौर सहित काफी संख्या में किसान मौजूद रहे।