आरंग थाना क्षेत्र के अंतर्गत महानदी में कूदने से दो युवकों की मौत हो गई है। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल सद्दाम कुरैशीका इलाज रायपुर के एक अस्पताल में जारी है। फिलहाल घटना की असली वजह अभी सामने नहीं आई है। मामले में आरंग पुलिस जांच में जुट गई है। वहीं. घटना में चांद मियां और गुड्डू खान की मौत हो गई है।
घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है। ट्रक में गौ तस्करी की आशंका के चलते कुछ लोगों द्वारा महासमुंद जिले के पटेवा क्षेत्र से वाहन का पीछा किया गया। महानदी पुल आने के बाद ट्रक चालक और उसमें सवार दो अन्य युवक पकड़े जाने के डर से पुल से महानदी में कूद गए। बताया जा रहा है कि तीनों युवक जिस स्थान पर कूदे वहां पानी नहीं था और इसी के चलते युवकों के साथ ये घटना हो गई है।
घटना की जानकारी मिलने पर आरंग थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। जहां पर चांद मियां की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि गुड्डू खान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, सद्दाम की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने ट्रक से 24 भैंस बरामद की हैं, जिसमें दो की मौत हो चुकी है।
एएसपी रायपुर ग्रामीण कीर्तन राठौर ने बताया कि घटना में दो युवकों की मौत हुई है। एक गंभीर रूप से घायल है, लेकिन घायल युवक घटना के बारे में बताने की हालत में नहीं है। मृतकों की मौत की वजह के लिए बताया कि अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आई है। आने पर मौत की सही वजह का पता चलेगा।