रायगढ़ जिले में बैंक से पैसे आहरण करके घर लौट रहे युवक को बातों में उलझाकर बाईक सवार तीन युवकों ने 1 लाख 39 हजार की चोरी की घटना को अंजाम दिया है। पीड़ित की रिपोर्ट के बाद पुलिस आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को जांच में ले लिया है। मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार निराकार गुप्ता ने लैलूंगा थाने में रिपोर्ट लिखाते हुए बताया कि वह बोईरडीह पोटेबिरनी में रहता है। पीड़ित ने बताया कि 29 सितंबर को घरेलू सामान लेने के लिये वह अपने भाई बंशीधर गुप्ता के साथ लैलूंगा जा रहा था।
इस दौरान उसके चाचा ने सत्यानंद गुप्ता ने कहा कि जा रहे हो तो चेक ले जाओ, बाबूलाल पैसे निकाल देगा जिसे तुम ला देना। जिसके बाद दोनों भाई लैलूंगा पहुंचे। पीड़ित युवक निराकार गुप्ता ने बताया कि सामान खरीदने के बाद उसका भाई लैलूंगा से पिकअप किराया करके घर चला गया। जिसके बाद वह अपने चाचा बाबुलाल गुप्ता के घर पहुंचा जहां फ्रेस होने के बाद दोनों बैंक पहुंचे जहां उसने 1 लाख 69 हजार आहरण किया।
पीड़ित युवक ने बताया कि गांव के दो लोगों को 50 हजार रूपये देने थे तो उसने उसी पैसे में से उसने 50 हजार रूपये निकालकर उन्हें दे दिया, जिसके बाद एटीएम से 20 हजार रूपये निकालकर मोटर सायकल की डिक्की में रखकर अपने चाचा बाबूलाल गुप्ता के साथ वापस गांव लौट रहा था। इस दौरान उसके चाचा के पास फोन आने पर वह कहीं गए थे जिसका वह गौशाला के पास खड़ा होकर इंतजार कर रह था। इसी बीच शाम 4 बजे के आसपास होण्डा साइन में सवार तीन अज्ञात लोग उसके पास पहुंचकर पता पूछने के बहाने उसे बातों में उलझाकर बाईक की डिक्की में रखे नगदी रकम 1 लाख 39 हजार लेकर फरार हो गए। पीड़ित युवक ने बताया कि घटना स्थल पर मौजूद एक महिला ने उसे बताया कि तीन युवकों में से एक युवक ने बाईक की डिक्की तोड़कर थैले में रखे नगदी रकम की चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। बहरहाल पीडित युवक की शिकायत के बाद लैलूंगा पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 302 (2) के तहत अपराध दर्ज करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है।