कबीरधाम पुलिस द्वारा संचालित अस्थायी स्कूल में इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास व देशभक्ति के उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इसके लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। आज गुरुवार को अस्थायी स्कूल के सभी शिक्षक को एसपी कार्यालय बुलाया गया।
इस दौरान विद्यार्थियों के लिए मिष्ठान व अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की गई, ताकि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठें। एएसपी पुष्पेन्द्र बघेल ने बताया कि नक्सल प्रभावित वनांचल क्षेत्र में शिक्षा की कमी को देखते हुए कबीरधाम पुलिस ने पहल करते हुए अस्थायी स्कूल शुरू किए हैं।
इन स्कूलों में क्षेत्र के पढ़े-लिखे युवाओं को शिक्षक के रूप में नियुक्त किया गया है, जिससे स्थानीय बच्चों को अपनी ही भाषा व संस्कृति के अनुरूप शिक्षा मिल रही है। इन स्कूलों के संचालन का सम्पूर्ण खर्च पुलिस विभाग वहन करता है। इसके साथ ही पुलिस द्वारा ओपन कोचिंग सेंटर भी स्थापित किया गया है।
जहां पढ़ाई बीच में छोड़ चुके युवाओं को फिर से शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जाता है। उन्हें ओपन परीक्षा में फॉर्म भरवाकर नियमित रूप से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया जाता है। शिक्षा ही नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति, विकास और जागरूकता लाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। इसी सोच के तहत यह पहल की गई है, जो न केवल बच्चों के जीवन में उजाला ला रही है। बल्कि पूरे क्षेत्र को एक नई दिशा दे रही है।