कबीरधाम में एसपी को ज्ञापन सौंपते कांग्रेस कार्यकर्ता
- फोटो : अमर उजाला
कबीरधाम में सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक और एआई जनरेटेड वीडियो को लेकर कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाया है। गुरुवार को कांग्रेस नेताओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। उन्होंने सोशल मीडिया के दो खातों के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि एक आपत्तिजनक, भ्रामक और एआई जनरेटेड निर्मित वीडियो व्यापक रूप से वायरल किया जा रहा है। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से जुड़े संदर्भों को तोड़-मरोड़कर पेश कर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास है। यह केवल व्यक्तिगत छवि को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि सामाजिक समरसता बिगाड़ने और राजनीतिक दुर्भावना फैलाने की साजिश भी है। इस सामग्री से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनता में भारी आक्रोश है।
कांग्रेस ने संबंधित सोशल मीडिया खाता संचालकों के खिलाफ तत्काल प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। आरोपियों की पहचान कर सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम समेत अन्य धाराओं में गिरफ्तारी की जाए। आपत्तिजनक वीडियो को तुरंत हटाकर संबंधित खातों को स्थायी रूप से प्रतिबंधित किया जाए। भविष्य में ऐसे एआई जनरेटेड नकली सामग्री पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं। कार्रवाई न होने पर कार्यकर्ता उग्र आंदोलन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।