बिलासपुर में भारतीय रेल में एक से 15 अक्टूबर 2025 तक स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के नेतृत्व में आज उसलापुर स्टेशन पर श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर अपर रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। महाप्रबंधक ने स्टेशन परिसर में रेलवे स्कूल के बच्चों द्वारा बनाई गई स्वच्छता पर आधारित पेंटिंग प्रदर्शनी का अवलोकन किया और बच्चों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया। इसके अलावा, उन्होंने स्टेशन पर सुरक्षा उपकरणों का जायजा लिया और अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित हो रहे उसलापुर स्टेशन में प्लेटफार्म, वेटिंग रूम, लिफ्ट, टिकट काउंटर और खानपान स्टालों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
महाप्रबंधक ने कानपुर–दुर्ग बेतवा एक्सप्रेस के सामान्य श्रेणी कोच का निरीक्षण कर यात्रियों से संवाद किया और उनकी सुविधाओं संबंधी जानकारी ली। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं, जिनमें स्वच्छता शपथ एवं जागरूकता, स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ रेलगाड़ी, स्वच्छ पटरी, स्वच्छ परिसर, स्वच्छ आहार, स्वच्छ नीर, स्वच्छ प्रसाधन, स्वच्छ पर्यावरण, स्वच्छता प्रतियोगिता, “सिंगल यूज़ प्लास्टिक को ना”, स्वच्छता समीक्षा एवं जागरूकता रैली शामिल हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देना है।
महाप्रबंधक ने यात्रियों से अपील की कि वे कचरा निर्धारित डस्टबिन में डालें, सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग न करें, स्टेशन और गाड़ियों में गंदगी न फैलाएँ और हर स्थान पर स्वच्छता बनाए रखें।