पुलिस ने हरियाणा से दोनों मामलों के आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान अंकित पिता बिसम्बर, 24 वर्ष, निवासी पलवल एवं शाहिल खान पिता मुबीन खान, 20 वर्ष, निवासी नूहं (हरियाणा) के रूप में हुई है।
थाना गुरूर पुलिस ने दो अलग-अलग साइबर ठगी मामलों में तेजी से कार्रवाई करते हुए हरियाणा से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बालोद जिले के दो युवकों से करीब 8 लाख रुपये की ठगी की थी। पुलिस टीम ने आरोपियों से ठगी की रकम और घटना में प्रयुक्त एटीएम कार्ड भी बरामद किए हैं।
विज्ञापन
पहला मामला
ग्राम सोरर निवासी आशीष कुमार कुंभज ने थाना गुरूर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बीते अगस्त माह के दौरान मोबाइल नंबर 7700924716, 9054828269 और 9558427124 के माध्यम से उनसे ट्रेडिंग एप पर निवेश के नाम पर 4,44,000 रुपये की ठगी की गई। इस मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
दूसरा मामला
ग्राम चंदनबिरही निवासी सोमन लाल साहू ने थाना पुरूर में शिकायत की थी कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें वीडियो कॉल कर अश्लील हरकतें दिखाईं और बाद में दिल्ली पुलिस का अधिकारी बनकर केस दर्ज करने की धमकी दी। आरोपी ने मानसिक दबाव बनाकर पीड़ित से अपने बताए खातों में कुल 3,51,500 रुपये जमा करवाए। इस शिकायत पर थाना पुरूर में अपराध पंजीबद्ध किया गया।
विज्ञापन
पुलिस की कार्रवाई
दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर तथा डीएसपी देवांश सिंह राठौर के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। थाना प्रभारी गुरूर निरीक्षक सुनील तिर्की की अगुवाई में पुलिस टीम दिल्ली और हरियाणा रवाना हुई।
पुलिस ने हरियाणा से दोनों मामलों के आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान अंकित पिता बिसम्बर, 24 वर्ष, निवासी पलवल एवं शाहिल खान पिता मुबीन खान, 20 वर्ष, निवासी नूहं (हरियाणा) के रूप में हुई है। आरोपियों से ठगी में प्रयुक्त एटीएम कार्ड समेत अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं।