चंडीगढ़। सेक्टर-9 की इंटरनल मार्केट में खुलेआम आईस रोल में शराब मिलाकर लोगों को परोसने का मामला सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने पूरे मामले को तूल दे दिया जिसके बाद सेक्टर-3 थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाइन शॉप मालिक पंचकूला के सकेतड़ी निवासी 53 वर्षीय राजेश सचदेवा को गिरफ्तार कर लिया। वहीं आबकारी विभाग ने संबंधित ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर जवाब मांगा है।
पुलिस के मुताबिक राजेश सचदेवा सेक्टर-9 में लिकर वर्ल्ड वाइन शॉप का मालिक है। 23 मई को पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस की टीम सेक्टर-9डी मार्केट पहुंची थी। वहां वाइन शॉप के बाहर स्टॉल लगाकर आईस रोल तैयार किए जा रहे थे। पुलिस का दावा है कि उस समय राजेश सचदेवा आईस रोल में लिक्विड मिलाकर लोगों को परोस रहा था। पूछताछ में उसने बताया था कि वह मोनिकन फ्लेवर्ड स्पाइस्ड जामुन फ्लेवर का इस्तेमाल कर रहा है जिसमें एल्कोहल नहीं होता।
हालांकि अगले ही दिन सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में स्मिरनॉफ मिंटी जामुन फ्लेवर्ड वोडका आईस रोल में मिलाकर लोगों को परोसते हुए दिखाया गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दोबारा जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस पर भी सवाल उठ रहे हैं क्योंकि 23 मई को मौके पर पहुंचने और पूछताछ के बावजूद तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की गई थी।
मामले को गंभीर मानते हुए डीसी-कम-एक्साइज एंड टैक्सेशन कमिश्नर निशांत कुमार यादव ने सेक्टर-9 के शराब ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। प्रशासन ने कहा है कि किसी भी शराब ठेकेदार को लिकर वेंड के भीतर या बाहर खुले में शराब परोसने की अनुमति नहीं है। शराब केवल उन्हीं लाइसेंसी क्लबों, बार, होटलों और रेस्टोरेंट में परोसी जा सकती है जिनके पास वैध अनुमति हो।
प्रशासन ने शहर के सभी शराब ठेकेदारों को भी सख्त चेतावनी जारी की है। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में यदि किसी भी ठेके पर इस प्रकार की गतिविधि पाई गई तो संबंधित लाइसेंसधारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर लाइसेंस तक रद्द किया जा सकता है। सेक्टर-3 थाना पुलिस ने कहा है कि वायरल वीडियो और अन्य तथ्यों की जांच अभी जारी है। उल्लेखनीय है कि प्रशासन की ओर से शहरभर में हर महीने 18 से 20 लंगर लगाने की परमिशन दी जाती है। इसके लिए लोग इलाका एसडीएम या फिर डीसी ऑफिस में सादे कागज पर आवेदन कर सकते हैं।