सेंट जोसफ कॉन्वेंट स्कूल के पूर्व छात्र नैतिक (17) की हत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नैतिक की हत्या कथित तौर पर सुपारी देकर कराई गई थी। इस मामले में बंबीहा गैंग से जुड़े गैंगस्टर लक्की पटियाल का नाम सामने आया है। पुलिस के अनुसार, नैतिक के साथ रंजिश रखने वाला नाबालिग छात्र केवल शूटर को उसकी पहचान कराने के लिए मौके पर लेकर आया था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नाबालिग छात्र ने शूटर को नैतिक की पहचान कराई, जिसके बाद उस पर गोलियां चलाई गईं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में नाबालिग छात्र को हिरासत में लिया है। वहीं, हत्या में शामिल शूटर और अन्य पहलुओं को लेकर जांच जारी है।