पंजाब के लुधियाना में एक दिन में दो अलग-अलग स्थानों में हुई हत्या की वारदातों के बाद सनसनी फैल गई है। पहला मामला ढंढारी की न्यू दुर्गा कालोनी का है। इलाके में करियाने की दुकान चलाने वाले एक व्यक्ति की अज्ञात हत्यारों ने घर में घुस कर उस समय निर्मम हत्या कर दी जब वह छत पर सो रहा था। गुरूवार की सुबह जब उसके घर के ऊपर किराए पर रहने वाले लोग नींद से जाग कर बाहर आए तो उन्होंने शोर मचाया। सूचना मिलने के बाद थाना फोकल प्वाइंट और चौकी ढंढारी कलां की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने मामले की जांच के बाद मृतक मुकेश कुमार (45) का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने इस मामले में मुकेश के भाई राकेश की शिकायत पर अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को उसकी पत्नी पर शक है। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। चौकी ढंढारी कलां की इंचार्ज एएसआई रिचा ने बताया कि मुकेश कुमार मूल रुप से बिहार के जिला लखीसराय का रहने वाला था। यहां पर वह काफी समय से ढंढारी इलाके में रहता था और घर के नीचे ही अपनी करियाने की दुकान चलाता था। उसकी पत्नी इलाके में ही स्थित एक निजी फैक्टरी में काम करती थी।
बुधवार को काम खत्म करने के बाद मुकेश कुमार अंदर चला गया। इसी दौरान लाइट चली गई तो वह छत पर सोने के लिए चला गया। इसी दौरान किसी ने उसके चेहरे पर पत्थर मार कर उसकी हत्या कर दी। जब वीरवार की सुबह किराएदार जागे तो बाहर आए। बाहर मुकेश का खून से लथपथ शव पड़ा हुआ था। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी मुकेश के भाई राकेश को दी। राकेश मौके पर पहुंचा और उसने इसकी जानकारी पुलिस को दी।
एएसआई रिचा ने बताया कि अभी तक की जांच में पता चला है कि घर को अंदर से ताला लगा हुआ था और ऊपर से दिवारे ऊंची है। इसलिए न तो हत्यारे गेट से आ सकते है और न ही ऊपर से। उन्होंने कहा कि हत्या का शक मुकेश के किसी अपने पर ही है। पुलिस जांच में जुटी हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुक्रवार की सुबह शव पोस्टमार्टम कर दिया जाएगा।