चंडीगढ़। दिल्ली के लाल किले के पास धमाके के बाद चंडीगढ़ पुलिस हाई अलर्ट पर है। इसकी तैयारी परखने के लिए वीरवार सुबह सेक्टर-17 स्थित आरबीआई भवन में बड़े स्तर पर मॉक ड्रिल की गई। बम की सूचना मिलते ही ऑपरेशन सेल की टीमों ने इमारत की घेराबंदी कर कर्मचारियों और नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद हिट टीम, बम डिटेक्शन स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया।
सर्च के दौरान बैंक पार्किंग में खड़ी एक थार कार के पीछे से डमी बम बरामद हुआ। 112 नंबर पर सूचना मिलते ही क्यूआरटी, पीसीआर, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस, सिविल डिफेंस, फॉरेंसिक यूनिट और सेक्टर-17 थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। बरामद डमी बम को सैंड बैग ट्रक में रखकर सेक्टर-26 पुलिस लाइंस ले जाया गया, जहां उसे निष्क्रिय करने की प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन किया गया। पुलिस ने बताया कि यह ड्रिल शहर की सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए की गई थी।